विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 14, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

घर में घुसकर दंपत्ति को मारी गोली, महिला की मौत

By Edited By:
Updated: Fri, 14 Mar 2014 11:35 PM (IST)

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद। बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार सुबह घर में घुसकर दंपत्ति को गोली मार दी। गोली लगने से महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति ग ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद। बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार सुबह घर में घुसकर दंपत्ति को गोली मार दी। गोली लगने से महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। वह अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रहा है। घटना उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद के धूमनगंज के हरवारा मोहल्ले की है।

पढ़ें: गाजीपुर में सिपाही को मारी गोली

जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार चार बदमाशों ने शुक्रवार सुबह घर में घुसकर फल विक्रेता प्रमोद उर्फ कुक्कू (45) व उसकी पत्नी बेबी (40) को गोली मार दी। गोली लगने से बेबी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना पाकर एसपी सिटी राजेश यादव कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्कवायड व फील्ड यूनिट को बुलाकर हत्यारों की सुरागरसी शुरू की गई। प्रथम दृष्टया हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग को वजह माना जा रहा है।

फल विक्रेता प्रमोद की बड़ी बेटी गोलू का मोहल्ले के ही अकरम नाम के युवक से प्रेम संबंध है। वह बीते साल दिसंबर में उसके साथ भाग गई थी। उसे भगाने के आरोप में अकरम को गिरफ्तार किया गया था। वह इस वक्त जेल में है।

हरवारा में रहने वाला प्रमोद सुबह करीब दस बजे घर के बरामदे में बैठा था। वह नहाने जा रहा था। इसी बीच दो बाइक पर सवार होकर आए चार युवकों ने नाइन एमएम की देसी पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। गोली की आवाज सुनकर उसकी पत्नी बेबी भी बाहर आ गई। हमलावरों को देखकर दंपत्ति अंदर भागने लगा। इसी बीच एक गोली बेबी की छाती पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी गोली प्रमोद के पेट में जा धंसी तो वह भी लहूलुहान होकर गिर पड़ा। दोनों को मृत समझकर बदमाश अंधाधुंध फायरिंग करते भाग निकले। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल फल विक्रेता को अस्पताल भेजा गया। मौके से नाइन एमएम की कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं। पूछताछ में फल विक्रेता की हत्या के बेटी के आशिक से अदावत को वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एसपी सिटी राजेश यादव का कहना है कि आरोपियों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।