विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दुर्लभ जहर से हुई थी सुनंदा की हत्या, केस दर्ज

By Rajesh NiranjanEdited By:
Published: Wed, 07 Jan 2015 02:50 AM (IST)Updated: Wed, 07 Jan 2015 03:02 AM (IST)

सुनंदा पुष्कर थरूर का अंत हो गया और वह दूसरे लोक में चली गईं लेकिन उनके पीछे की दास्तां का ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। सुनंदा पुष्कर थरूर का अंत हो गया और वह दूसरे लोक में चली गईं लेकिन उनके पीछे की दास्तां का अंत नहीं हुआ। करीब साल भर बाद दिल्ली पुलिस ने सुनंदा की मौत के राज को फिर से झिंझोड़ा है। कुछ नया जानने की गरज से हत्या का मुकदमा दर्ज किया है लेकिन अज्ञात के खिलाफ। पति रहे कांग्रेस नेता शशि थरूर भी सकते में हैं। कहा, पूर्व में हुई जांच में उन्होंने पूरा सहयोग दिया था, अब अगर किसी सामने न आए सच को खोजने के लिए जांच की जाती है-तब भी वह पूरा सहयोग देंगे। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने निष्पक्ष जांच की अपेक्षा की है।

पति थरूर के साथ हुई कहासुनी के बाद सुनंदा (51) की मौत गत वर्ष 17 जनवरी को दिल्ली के एक पंचतारा होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। उनके कमरे में शराब भी पाई गई थी और तनाव व दर्द से निजात पाने की दवाएं भी। पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट में खाली पेट इन्हीं दवाओं के ओवरडोज को मौत का कारण माना गया था। लेकिन सुनंदा के जिस्म पर मिले दर्जन भर से ज्यादा चोट और घाव के निशान किसी और कहानी की ओर इशारा कर रहे थे। घटना के समय थरूर केंद्र सरकार में मंत्री थे और देश ही नहीं विदेश में उनका खासा रसूख था। सुनंदा ने अपने पीछे सौ करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति छोड़ी थी, जो उनकी खुद की कमाई या प्राप्त की हुई थी। ये कई वजह थीं जिनके चलते सुनंदा मौत के समय ही नहीं उसके बाद भी चर्चा में बनी रहीं और कई सवाल अनुत्तरित रह गए थे। इस दौरान सुनंदा का पोस्टमार्टम करने वाली डॉक्टरों की टीम में मतभेद भी उभरे थे।

शशि ने मांगी रिपोर्ट की प्रति

अब थरूर ने पुलिस से पोस्टमार्टम और सीएफएसएल (फॉरेंसिक) रिपोर्ट की प्रतिलिपि मांगी है। उन्होंने कहा है कि ये रिपोर्ट उन्हें आज तक नहीं मिली हैं। थरूर ने मंगलवार को दर्ज रिपोर्ट के बारे में भी पुलिस से पूरी जानकारी मांगी है। दिल्ली पुलिस ने सरोजनी नगर थाने में दुर्लभ जहरीले पदार्थ से हुई हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। प्रथम सूचना रिपोर्ट में कहा गया है कि मौत पूरी तरह से अप्राकृतिक थी जिसके कारण संदेह पैदा होना स्वाभाविक है।

एसआइटी करेगी जांच

दिल्ली के पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी ने बताया है कि पोस्टमार्टम करने वाली एम्स के डॉक्टरों की टीम की ओर से 29 दिसंबर को पोस्टमार्टम की फाइनल रिपोर्ट दी गई है उसमें सुनंदा पुष्कर की मौत को अप्राकृतिक करार दिया गया है और यह घातक जहर से हुई बताई गई है। यह जहर मुंह के रास्ते या इंजेक्शन से शरीर में पहुंचा। इस जहर की मात्रा और वह किस तरह का था, यह जांच फिलहाल देश में संभव नहीं है। बस्सी ने कहा कि सुनंदा के शरीर में मिले पदार्थ के नमूने जांच के लिए अमेरिका या ब्रिटेन की प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नए तथ्यों के आधार पर मामले से जुड़े सभी लोगों से विशेष जांच दल (एसआइटी) पूछताछ करेगा। सभी गवाहों से भी बात की जाएगी। सूत्रों के अनुसार जहर के रूप में दिया गया तत्व रेडियोएक्टिव भी हो सकता है, जिससे मनुष्य का बच पाना नामुमकिन होता है।

'सुनंदा की मौत को लेकर दिल्ली पुलिस के अज्ञात के खिलाफ दर्ज हत्या मुकदमे से मैं हैरान हूं। मुझे भी इस मामले की जांच के निष्कर्ष को लेकर जिज्ञासा है।' -शशि थरूर, पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता

पढ़ेंः सुनंदा की मौत किसी साजिश का नतीजा नहीं: शशि थरूर

पढ़ेंः सुनंदा ने मौत से दो दिन पहले 40 लोगों से की थी बात

'पोलोनियम 210' से सुनंदा की मौत होने के कयास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।