विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भाजपा की सूची में सुषमा की बहन भी

By Edited By:
Published: Sun, 21 Sep 2014 05:43 AM (IST)

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 47 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 47 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की छोटी बहन वंदना शर्मा, कांग्रेस के दो पूर्व सांसद व हूडा सरकार के एक पूर्व मंत्री का भी नाम शामिल है।

भाजपा की चुनाव समिति की शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई बैठक के बाद 47 नामों को टिकट के लिए हरी झंडी दी गई। इसके साथ ही भाजपा ने सभी 90 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। हरियाणा में 15 अक्टूबर को विधानसभा के लिए वोट डाले जाएंगे।

पार्टी ने अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड व गुजरात की चार सीटों पर होने वाले विधानसभा के उपचुनाव के लिए भी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है।

पार्टी की मुख्य चुनाव समिति की बैठक अमित शाह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, अनंत कुमार के अलावा तवर चंद गहलौत व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद थे।

विधान सभा क्षेत्र सफीदों के लिए वंदना शर्मा को नामित किया गया है, जबकि जींद सीट से हाल ही में इंडियन नेशनल लोक दल छोड़ कर भाजपा में आए पूर्व सांसद सुरेंद्र बरवाला को और कांग्रेस के पूर्व सांसद जितेंद्र मलिक को गन्नौर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। मुलाना सुरक्षित सीट से पूर्व कांग्रेसी और भजनलाल सरकार में मंत्री रहे संतोष सरवन को प्रत्याशी बनाया गया है।

केंद्रीय चुनाव समिति के सचिव जेपी नड्डा ने कहा कि पार्टी ने हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है। हरियाणा के प्रभारी जगदीश मुखी ने कहा कि पार्टी ने 15 महिलाओं को टिकट दिया है जो अब तक किसी भी पार्टी द्वारा महिलाओं को दिए गए टिकटों में सबसे अधिक है।

पढ़ें: हरियाणा और महाराष्ट्र में 15 अक्टूबर को मतदान

पढे़ं: भाजपा की हार को भुनाएंगे विरोधी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।