विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 12, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सिपाही की चप्पलों से पिटाई, पुलिस ने बरसाईं लाठियां

By Edited By:
Updated: Thu, 12 Jun 2014 08:59 AM (IST)

प्रदेशभर में फजीहत के बाद भी उत्तर प्रदेश की पुलिस अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव को तैयार नहीं है। यमुना में डूबे युवक की तलाश में पहले तो लापरवाही बरती ...और पढ़ें

News Article Hero Image

आगरा, जासं। प्रदेशभर में फजीहत के बाद भी उत्तर प्रदेश की पुलिस अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव को तैयार नहीं है। यमुना में डूबे युवक की तलाश में पहले तो लापरवाही बरती, जब इसके विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया तो पिटाई कर दी। इससे एक युवक की हालत बिगड़ गई और महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने दरोगा को दौड़ा लिया और सिपाही को चप्पलों से पीटा। इसके बाद पुलिस अराजक हो गई। महिलाओं पर जमकर लाठियां बरसाईं। करीब दो घंटे तक बवाल होता रहा, आखिर इतना फोर्स बुला लिया गया कि पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया।

मामला एत्माद्दौला क्षेत्र में स्थित अंबेडकर पुल तिराहे का है। मंगलवार दोपहर गौतम नगर निवासी 22 वर्षीय अन्नू के यमुना में डूबने के बाद परिजन उसकी तलाश की मांग कर रहे थे। सोमवार रात पुलिस ने सुबह पांच बजे आने की कहकर टरका दिया। किसी अपने के खोने की व्यथा बहुत टीस देती है, ऐसे में रात को किसी तरह इंतजार कर सुबह परिजन थाने पहुंच गए। मगर, अन्नू को खोजने के लिए पुलिस हरकत में नहीं आई। कई घंटे खुशामदें करते आखिर धैर्य टूटा और सुबह नौ बजे गुस्साए लोग अंबेडकर पुल तिराहे पर जाम लगाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों में अधिक संख्या में महिलाएं थीं।

जाम लगाने की कोशिश पर पुलिस ने एक युवक को लाठी मार दी। इससे वह बेहोश गया। यह देख महिलाओं का आक्रोश भड़क गया। उन्होंने मौके पर पहुंचे दरोगा को दौड़ा दिया। एक सिपाही इस दौरान हाथ पड़ा फिर क्या था उसके चप्पलें ही चप्पलें लगाईं। थोड़ी देर में ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गया। जिसके बाद पुलिस ने नियमों को ताक पर रख दिया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। करीब दो घंटे तक बवाल चलता रहा।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के इलाके को छावनी बना दिया। मौके पर चार सीओ शहर के आधा दर्जन से अधिक थानों के पुलिस फोर्स को लेकर पहुंच गए। आखिर लोगों को समझाकर बहुत मुश्किल शांत कराया। पुलिस की लाठियों से घायल हुए कछपुरा निवासी सबलू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर दोपहर बाद अन्नू का शव गढ़ी चांदनी के पास यमुना में मिल गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

पढ़ें : हमीरपुर के थाने में महिला से सामूहिक दुष्कर्म

पढ़ें : सपाइयों की गुंडई, दारोगा को पीटा; डीएसपी से हाथापाई