यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 09, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दक्षिण सूडान में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व भीषण रक्तपात, 150 जवानों की मौत
दक्षिण सूडान की राजधानी जूबा में देश की स्वतंत्रता दिवस से पूर्व भीषण रक्तपात हुआ है। इसमें 150 जवानों की मौत हो गई है।

जूबा (एएफपी)। दक्षिण सूडान के पांचवें स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व राजधानी जूबा में जमकर गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में करीब 150 जवानों की मौत हो गई। यह गोलीबारी राष्ट्रपति आवास के नजदीक हुई। इस गोलीबारी में मरने वालों की संख्या और अधिक हो सकती है।
यह गोलीबारी तब शुरू हुई जब राष्ट्रपति साल्वा कीर और विद्रोही गुट के नेता से उप राष्ट्रपति बने रेक माछर की मुलाकात हो रही थी। इसी दौरान दोनों के बॉडीगार्ड्स के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। यह गोलीबारी करीब आधा घंटे तक चली। इस घटना के बाद दोनों नेताओं ने सभी से शांत रहने की अपील की है।
इन दोनों ने एक संदेश में कहा है कि यदि ऐसा ही चलता रहा तो दक्षिण सूडान एक बार फिर सिविल वार में घिर कर रह जाएगा। इस घटना के बाद जूबा में दहशत का माहौल है। राष्ट्रपति भवन के आसपास जवानों केे शव पड़े हुए हैं। गौरतलब है कि एक जनमतसंग्रह के बाद 9 जुलाई 2011 को दक्षिण सूडान सूडान से अलग हो गया था।

