यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 01, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फ्रांस में श्रम सुधारों के खिलाफ चार लाख लोग सड़क पर उतरे
फ्रांस में गुरुवार को श्रम सुधारों के विरोध में करीब चार लाख लोग सड़कों पर उतर आए। भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे।

पेरिस। फ्रांस में गुरुवार को श्रम सुधारों के विरोध में करीब चार लाख लोग सड़कों पर उतर आए। भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे। इस दौरान कई शहरों में छात्रों और श्रमिकों की पुलिस के साथ झड़पें हुईं। प्रस्तावित सुधारों के विरोध में हड़ताली रेल कर्मचारियों ने पूरे फ्रांस में रेल सेवा को बाधित किया और छात्रों ने करीब 200 स्कूलों को बंद करा दिया।
पश्चिमी शहरों नेंटीज और रेनेस में पथराव करने वाले प्रदर्शनकारियों पर दंगा विरोधी पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। जबकि पेरिस, तुलूज और अन्य शहरों में करीब 100 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों की संख्या तीन लाख 90 हजार थी। यह संख्या एक सप्ताह पहले हुए प्रदर्शन से दोगुनी है। हालांकि श्रम संगठनों ने यह आंकड़ा 12 लाख बताया है।
फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद को संवैधानिक बदलाव पर यू-टर्न के लिए बाध्य किए जाने के एक दिन बाद यह प्रदर्शन हुआ। सोशलिस्ट सरकार फ्रांस के श्रम कानूनों में सुधार करने को प्रयासरत है। इसके अलावा फ्रांस में एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों की हड़ताल के चलते दर्जनों उड़ानें रद कर दी गईं।

