विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अश्वेतों के चर्च में लगाई आग, दीवार पर लिखा-ट्रंप को वोट दो

By Abhishek Pratap SinghEdited By:
Updated: Thu, 03 Nov 2016 06:39 PM (IST)

अमेरिकी इतिहास के सबसे कड़वे चुनाव अभियान पर नस्ली हिंसा का दाग भी लग गया है। मिसिसिपी के ग्रीनविले शहर में अश्र्वेतों के एक चर्च में आग लगाकर उपद्रवियों ने दीवार पर

News Article Hero Image

वाशिंगटन, रायटर/प्रेट्र : अमेरिकी इतिहास के सबसे कड़वे चुनाव अभियान पर नस्ली हिंसा का दाग भी लग गया है। मिसिसिपी के ग्रीनविले शहर में अश्र्वेतों के एक चर्च में आग लगाकर उपद्रवियों ने दीवार पर 'ट्रंप को वोट दो' लिख दिया। डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन दावेदार हैं। आग में तबाह हुआ होपवेल मिशनरी बैपटिस्ट चर्च 111 साल पुराना है।

पुलिस घृणा अपराध के तहत मामले की जांच कर रही है। शहर के मेयर एरिक सिमन्स ने इसे घृणित और कायराना कृत्य करार दिया है। अग्निशमन प्रमुख रूबेन ब्राउन सीनियर ने बताया कि आग जान-बूझ कर लगाई गई थी। यह घटना ऐसे वक्त में हुई है जब राष्ट्रपति बराक ओबामा ने शीर्ष पद की डेमोक्रेटिक दावेदार हिलेरी क्लिंटन को समुदाय का एकमुश्त वोट नहीं मिलने की आशंका जताई है।

अश्र्वेतों को लुभाने के मकसद से ही हिलेरी ने पिछले दिनों चुनाव जीतने पर अपनी कैबिनेट में प्रथम महिला मिशेल ओबामा को शामिल करने की इच्छा जताई थी।

ई-मेल मामले की दोबारा जांच के बाद से मुश्किलों में घिरीं हिलेरी के लिए रायटर/इप्सोस का सर्वे राहत भरी खबर लेकर आया है। मामले की एफबीआइ जांच पर चुप्पी तोड़ते हुए राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी उनका बचाव किया है। ताजा सर्वेक्षण में हिलेरी को ट्रंप से छह फीसद वोटों से आगे बताया गया है।

यह ठीक उतनी ही बढ़त है जो दोबारा जांच की घोषणा से पहले उन्हें प्राप्त थी। जांच की घोषणा के बाद यह पहला सर्वे है जो बताता है कि हिलेरी की लोकप्रियता में कमी नहीं आई है।

28 अक्टूबर से एक नवंबर के बीच कराए गए सर्वे में हिलेरी का 45 और ट्रंप का 39 फीसद लोगों ने समर्थन किया। हालांकि सभी सर्वेक्षणों पर नजर रखने वाली रियलक्लियरपॉलिटिक्स ने हिलेरी की औसतन बढ़त घटाकर 1.7 अंक कर दी है। बीते शुक्रवार को उनकी बढ़त 4.6 अंक थी।

मुकदमे से होगा अंत :

ट्रंप ने कहा है कि ई-मेल मामले की दोबारा जांच में लंबा वक्त लगेगा और इसका अंत हिलेरी पर आपराधिक मुकदमे से होगा। इस जांच से ट्रंप के चुनाव अभियान को नई गति मिली है। वहीं, हिलेरी ने पीपुल पत्रिका से बातचीत में कहा कि दोबारा जांच की बात सुनकर वह स्तब्ध रह गई थी। यह मामला विदेश मंत्री रहते हिलेरी द्वारा सरकारी कार्यो के लिए निजी सर्वर के इस्तेमाल से जुड़ा है।

एफबीआइ पर हमला :

राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ई-मेल मामले की दोबारा एफबीआइ जांच पर नाराजगी जताई है। जांच में दखल देने से ह्वाइट हाउस के इन्कार करने के बाद उनका यह बयान सामने आया है।

ओबामा ने पूर्व की जांचों का हवाला देते हुए कहा कि हिलेरी ने विदेश मंत्री रहते कुछ गलतियां की थी। लेकिन, ऐसा कुछ नहीं किया था कि उन पर मुकदमा चलाया जा सके। ऐसे में देश की शीर्ष खुफिया एजेंसी को अधूरी सूचना या लीक हुई जानकारी की बजाय ठोस सुबूतों के आधार पर कोई फैसला करना चाहिए था।

पाकिस्तान के प्रति रखती हैं सहानुभूति

रिपब्लिकन हिंदू कोलिशन ने टीवी विज्ञापन जारी कर हिलेरी पर पाकिस्तान के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाया है। विज्ञापन में कहा गया है, 'हिलेरी पाकिस्तान के प्रति सहानुभूति रखती हैं। मोदी का वीजा रुकवाने वाले भी वही थीं। कट्टर इस्लाम का समर्थन करने वालों से वह चंदा लेती हैं। उनकी सहयोगी हुमा अबेदीन पाकिस्तानी मूल की हैं। यदि वह जीत जाती हैं तो कश्मीर पाकिस्तान को देना चाहेंगी।'

भारत के साथ संबंधों को देंगी मजबूती

भारतीय मूल के प्रसिद्ध होटल कारोबारी संत चटवाल ने बतौर राष्ट्रपति हिलेरी का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूती देने के लिहाज से हिलेरी सबसे बेहतर उम्मीदवार हैं। वे भारत और उसकी संस्कृति को समझती हैं। भारत-अमेरिका संबंधों को मजूबती देने के लिए भारतवंशियों को उनका समर्थन करना चाहिए। क्लिंटन दंपती के पुराने दोस्त रहे चटवाल ने ट्रंप को अनुभवहीन बताया।

पढ़ें- 'EU से अलग होने के फैसले पर ब्रिटेन कर सकता है विचार'

पढ़ें- मानवाधिकार मुद्दे पर UN में भारत ने पाक को घेरा, कहा- अपने गिरेबां में झांके