विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ब्रसेल्स हमला: पुलिस ने 9 संदिग्धों को किया गिरफ्तार, तलाशी अभियान जारी

By Atul GuptaEdited By:
Updated: Fri, 25 Mar 2016 07:23 PM (IST)

बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में हुए धमाकों के सिलसिले में नौ संदिग्ध गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें सात बेल्जियम में और दो जर्मनी में पकड़े गए है। इनके अलावा एक संदिग्ध को गिरफ्तार करते हुए फ्रांस ने देश में आतंकी हमले की साजिश नाकाम करने का दावा किया है।

News Article Hero Image

ब्रसेल्स। बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में हुए धमाकों के सिलसिले में नौ संदिग्ध गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें सात बेल्जियम में और दो जर्मनी में पकड़े गए है। इनके अलावा एक संदिग्ध को गिरफ्तार करते हुए फ्रांस ने देश में आतंकी हमले की साजिश नाकाम करने का दावा किया है। हालांकि इस संदिग्ध का ब्रसेल्स या पेरिस हमलों से कोई संबंध नहीं है। इस बीच, एनबीसी न्यूज ने बताया है कि ब्रसेल्स में हमलों को अंजाम देने वाले हमलावर भाई इब्राहिम और खालिद बकरावी अमेरिका की निगरानी सूची में थे।

आइएस के आत्मघाती हमलावर भाइयों ने ब्रसेल्स के हवाई अड्डे और मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार को धमाके किए थे। इनमें 31 लोगों की मौत हो गई थी और करीब 270 लोग घायल हो गए। बेल्जियम में यह अब तक का सबसे घातक हमला है। जांचकर्ताओं का मानना है कि इन हमलों के तार बीते साल नवंबर में फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुए हमलों से जुड़े हुए हैं। इस हमले के मुख्य वांछित सलाह अब्देसलाम को बीते शुक्रवार को ही ब्रसेल्स के उपनगरीय इलाके से गिरफ्तार किया गया था।

बेल्जियम के संघीय अभियोजकों ने बताया कि छह लोगों को गुरुवार की रात ब्रसेल्स के आसपास के इलाकों से पकड़ा गया। एक अन्य की गिरफ्तारी शुक्रवार की सुबह हुई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टो के अनुसार वीडियो फुटेज में आत्मघाती हमलावर भाइयों के साथ दिखा तीसरा संदिग्ध भी पकड़ा गया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जर्मनी के डेर स्पीगल पत्रिका के अनुसार पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा है। इनमें से एक को ब्रसेल्स मेट्रो स्टेशन पर धमाके से पहले हमलावर ने संदेश भेजा था।

वहीं, फ्रांस के गृह मंत्री बर्नार्ड केजुनउवे ने बताया कि पेरिस से सटे अर्जेटेउइल से एक संदिग्ध पकड़ा गया है। वह फ्रांस में हमले की साजिश रच रहा था। पेरिस हमलों के बाद से ही फ्रांस हाई अलर्ट पर है। गौरतलब है कि ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ और नाटो का भी मुख्यालय है। ऐसे में इस हमले ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में यूरोपीय देशों की क्षमता को भी सवालों के घेरे में ला दिया है।

केरी बोले, जे सुइस ब्रसेल्स

अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने 'जे सुइस ब्रसेल्स' का नारा दिया है। फ्रांसीसी भाषा के इस शब्द का मतलब होता है 'मैं ब्रसेल्स हूं'। 9/11 के हमले के बाद यूरोपीय देशों ने एकजुटता दिखाते हुए जे सुइस अमेरिकन का नारा दिया था। बीते साल फ्रांसीसी व्यंग्य पत्रिका शार्ली अब्दो के मुख्यालय पर हमले के बाद पूरी दुनिया में जे सुइस शार्ली की गूंज सुनाई पड़ी थी। केरी इस मुश्किल घड़ी में बेल्जियम के साथ एकजुटता दिखाने और पीडि़तों को श्रद्धांजलि देने के लिए ब्रसेल्स में हैं।

पढ़ें- धमाकों के बाद से ब्रसेल्स में फंसे भारतीय स्वदेश लौटे, कहां एंबेसी ने किया अच्छा काम