विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सामने आई खून से सने शार्ली एब्दो की पहली तस्वीरें

By vivek pandeyEdited By:
Updated: Fri, 09 Jan 2015 11:40 AM (IST)

फ्रांस की राजधानी पेरिस में शार्ली एब्दो मैग्जीन के दफ्तर की रोंगटे खड़े कर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं।

News Article Hero Image

पेरिस। फ्रांस की राजधानी पेरिस में शार्ली एब्दो मैग्जीन के दफ्तर की रोंगटे खड़े कर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। डेली मेल द्वारा प्रकाशित इन तस्वीरों से साफ है कि वहां किस तरह कत्लेआम मचाया गया था।

इस बीच, प्रत्यक्षदर्शियों ने भी खौफनाक मंजर बयां किया है। मैग्जीन के कर्मचारी पॉल मोरेया ने बताया कि सीढ़ियों पर खून ही खून फैला था। मृतकों में पॉल का बीस साल पुराना दोस्त भी शामिल है।

मैग्जीन से जुड़े पत्रकार मार्टिन बोउगोट हमले के वक्त आतंकियों के बहुत करीब थे। उन्होंने सीएनएन चैनल को बताया, हमने पहले दूर से आती गोलियां की आवाज सुनी और चंद पल बाद ही आतंकी हम तक पहुंच गए थे। मार्टिन और उनके कुछ साथियों ने छत पर भागकर जान बचाई।

ऑफिस है या कत्लखाना!

बकौल मार्टिन, हम भाग जरूर रहे थे, लेकिन कोई अंदाजा नहीं था कि कहां जा रहे हैं। मन में डर सता रहा था कि कहीं आगे भी कोई आतंकी न खड़ा हो। गोलीबारी समाप्त होने और आतंकियों के फरार होने के बाद हम वापस ऑफिस में गए तो वहां कत्लेआम का मंजर था। अंदाजा नहीं लग रहा था कि यह हमारा दफ्तर है या कोई कत्लखाना। सब दूर खून ही खून। मीटिंग रूम में गए तो वहां भी लाशें पड़ी थीं।

पहले महिला-पुरूषों को अलग किया

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी डॉ. गेराल्ड किरज्क ने बताया कि आतंकियों ने गोलियां चलाने से पहले दफ्तर में मौजूद महिला और पुरूष कर्मचारियों को अलग किया। इसके बाद अंधाधुंध गोलियां तब तक चलाते रहे, जब तक कि वहां मौजूद हर शख्स नीचे नहीं गिर गया। हर कर्मचारी को कई-कई गोलियां मारी गईं।

वहीं पॉल ने गार्ड के बारे में भी बताया जो वर्षों से मैग्जीन के दफ्तर में सेवाएं दे रहा था। बकौल पॉल, वह एक शानदार शख्स था जो हर सुबह हंसकर हमारा स्वागत करता था। आतंकियों ने उसके शरीर में कई गोलियां दाग दीं। वह अब दुनिया में नहीं रहा।

(साभार : नई दुनिया)

पेरिस हमले की खबरों के लिए यहां क्लिक करें