यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इंडोनेशिया में विस्फोटक सामग्री के साथ आइएस आतंकी गिरफ्तार
पुलिस के प्रवक्ता बोय रफली अमर ने शनिवार को बताया कि विबावा विश्वविद्यालय में कृषि विज्ञान का छात्र है।

जकार्ता, (रायटर)। इंडोनेशियाई पुलिस ने इस्लामिक स्टेट (आइएस) समर्थक आतंकी रिओ प्रिअत्ना विबावा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आतंकवादी से बम बनाने की सामग्री बरामद हुई है। वह अगले महीने सरकारी भवनों और जकार्ता में म्यामांर दूतावास को निशाना बनाने वाला था। स्थानीय मीडिया ने खबर दी है कि बरामद विस्फोटक सामग्री से बने बम बाली धमाके से भी ज्यादा खतरनाक हो सकते थे। बाली के नाइटक्लब में 2002 में हुए धमाके में 202 लोग मारे गए थे।
पुलिस के प्रवक्ता बोय रफली अमर ने शनिवार को बताया कि विबावा विश्वविद्यालय में कृषि विज्ञान का छात्र है। बेरोजगार विबावा ने खुद ही बम बनाना सीखा है। वह पूरे इंडोनेशिया के कई स्थानों तक विस्फोटक पहुंचाने की योजना बना रहा था।
इंडोनेशिया में इस वर्ष आइएस से जुड़े कई हमले हो चुके हैं। जनवरी में राजधानी जकार्ता में बंदूक और बम से हुए हमले में चार लोग मारे गए थे। अधिकारियों ने कट्टरता बढ़ने पर चिंता जताई है। दुनिया में मुस्लिमों की सबसे बड़ी आबादी वाले देश इंडोनेशिया में आइएस के सैकड़ों समर्थक हैं।

