यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 22, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मोदी ने दिया था ओबामा को बुलाने का सुझाव
पहली बार किसी अमेरिकी राष्ट्रपति को गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का सुझाव किसी और ने नहीं, बल्कि खुद भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया था। लीक से हमेशा अलग हटकर सोचने वाले मोदी ने सबसे पहले इस पर अपने करीबियों से बातचीत की।

वाशिंगटन। पहली बार किसी अमेरिकी राष्ट्रपति को गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का सुझाव किसी और ने नहीं, बल्कि खुद भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया था। लीक से हमेशा अलग हटकर सोचने वाले मोदी ने सबसे पहले इस पर अपने करीबियों से बातचीत की।
इसके बाद अमेरिका में भारत के राजदूत एस. जयशंकर को अमेरिकी अधिकारियों से चर्चा करने और ओबामा के आने की संभावनाओं का पता लगाने को कहा गया। जयशंकर ने वरिष्ठ अधिकारियों को भारत के लिए गणतंत्र दिवस समारोह की अहमियत के बारे में बताया तो अमेरिका ने भी अपनी दिलचस्पी दिखानी शुरू की।
ओबामा प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, अमेरिका ने प्रधानमंत्री मोदी की पहल के राजनीतिक महत्व की सराहना की और कुछ ही समय में ओबामा की भारत यात्रा के लिए रजामंदी जाहिर कर दी। इसके बाद ट्विटर के जरिये मोदी व ह्वाइट हाउस ने दौरे की जानकारी सार्वजनिक कर दी।

