विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 21, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूक्रेन के विद्रोहियों ने किया 200 से ज्यादा शवों पर कब्जा

By Edited By:
Published: Mon, 21 Jul 2014 02:54 AM (IST)Updated: Mon, 21 Jul 2014 07:07 AM (IST)

रूस समर्थक यूक्रेन के विद्रोहियों ने मिसाइल हमले में मार गिराए गए मलेशियाई विमान बोइंग 777 की उड़ान एमएच17 के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

कीव। रूस समर्थक यूक्रेन के विद्रोहियों ने मिसाइल हमले में मार गिराए गए मलेशियाई विमान बोइंग 777 की उड़ान एमएच17 के मलबे से निकाले गए 219 शवों पर कब्जा कर लिया है। वहीं, विद्रोहियों के कब्जे वाले पूर्वी यूक्रेन के घटनास्थल पर अंतरराष्ट्रीय जांचकर्ताओं की सुरक्षित पहुंच बनाने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर वैश्विक दबाव बनाया जा रहा है। यूरोपीय देशों और अमेरिका ने रूस को प्रतिबंध झेलने के लिए तैयार रहने की चेतावनी भी दी है। अमेरिका ने रूस पर आरोप लगाया है कि उसी ने हमले में इस्तेमाल की गई मिसाइल विद्रोहियों को मुहैया कराई थी।

दुर्घटनास्थल के नजदीकी तोरेज कस्बे के रेलवे स्टेशन पर रेफ्रिजरेटेड ट्रेन में 192 शव और आठ क्षत-विक्षत शरीर लादे गए थे। यूक्रेन के उप-प्रधानमंत्री वी. ग्रोइसमैन ने बताया कि बाद में आपात कार्यकर्ताओं ने दुर्घटनास्थल से 27 शव और बरामद किए। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन पर विद्रोहियों ने कब्जा कर लिया है। ग्रोइसमैन के मुताबिक, ट्रेन को रवाना करने के लिए विद्रोहियों से बात की जा रही है। शुरुआत में यह खबर भी आई थी कि यह ट्रेन दोनेत्स्क के लिए रवाना हो चुकी है, लेकिन बाद में पता चला कि विद्रोहियों ने ट्रेन को स्टेशन पर ही रोक रखा है। ऑर्गनाइजेशन फॉर सिक्योरिटी एंड को-ऑपरेशन इन यूरोप [ओएससीई] के प्रवक्ता माइकल बोकिर्किव ने बताया कि शवों को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के पहुंचने से पहले रवाना नहीं करने का निर्देश दिया गया था।

विद्रोहियों के नेता एलेक्जेंडर बारदोई ने बताया कि विमान के ब्लैक बॉक्स ढूंढ़ लिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विमान के टुकड़ों को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों को सौंप दिया जाएगा। बारदोई ने यह भी बताया कि उनके लड़ाकों ने शवों को एक ट्रेन में रख दिया है। उन्हें विशेषज्ञों के पहुंचने तक रेफ्रिजरेटेड ट्रेन में ही रखा जाएगा। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि गर्मी और क्षेत्र में मौजूद कुत्तों व जंगली जानवरों के कारण हम उन्हें ज्यादा समय तक यहां नहीं रख सकते। यूरोपीय देशों और अमेरिका ने रूस को फिर चेताया है कि बचावकर्मियों के साथ ही जांचकर्ताओं की घटनास्थल पर पहुंच सुनिश्चित कराई जाए या प्रतिबंधों के लिए तैयार रहें।

अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन कैरी ने बताया कि कई ऐसे सुबूत मिले हैं, जिन पर रूस को सफाई देनी होगी। उन्होंने कहा कि अभी वह किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं, लेकिन रूस को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराने के बहुत से सुबूत मिले हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांसुआ ओलांद, जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल और ब्रिटेन के पीएम डेविड कैमरन का कहना है कि पुतिन दुर्घटनास्थल पर जांचकर्ताओं की पहुंच सुनिश्चित कराने के लिए विद्रोहियों पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करें।

पढ़ें:मुश्किल हुआ विमान हादसे के सुबूत जुटाना, ब्लैक बॉक्स पर संशय कायम

पढ़ें:यूक्त्रेन ने विद्रोहियों पर लगाया साक्ष्य नष्ट करने का आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।