विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 07, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दक्षिण चीन सागर पर अमेरिका और चीन के सुर नरम

By Rahul SharmaEdited By:
Updated: Tue, 07 Jun 2016 07:04 PM (IST)

दक्षिण चीन सागर को लेकर अमेरिका और चीन के सुर में नरमी दिखी है। चीन ने विवादित क्षेत्र में सुरक्षा और शांति के लिए अमेरिका से रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की है।

News Article Hero Image

बीजिंग, रायटर। हाल के समय में पहली बार दक्षिण चीन सागर को लेकर अमेरिका और चीन के सुर में नरमी दिखी है। चीन ने विवादित क्षेत्र में सुरक्षा और शांति के लिए अमेरिका से रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की है। वहीं, अमेरिका ने बातचीत के जरिये विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया है। आर्थिक एवं रणनीतिक वार्ता के समापन पर मंगलवार को दोनों देशों के रूख में यह बदलाव दिखा।

चीन के शीर्ष राजनयिक एवं स्टेट काउसंलर यांग जेइची ने कहा कि संप्रभुता और समुद्री अधिकारों की रक्षा करना चीन का अधिकार है। चीन अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत दक्षिण चीन सागर में नौवहन और उड़ान भरने की स्वतंत्रता का समर्थन करता है। विवादों का निपटारा इसमें शामिल पक्षों के बीच बातचीत से होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि किसी का पक्ष लेने की बजाय अमेरिका क्षेत्र में रचनात्मक भूमिका निभाने का वादा पूरा करेगा। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि अमेरिका बातचीत और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के हिसाब से विवादों के निपटारे के पक्ष में है।

पिछले हफ्ते सिंगापुर में केरी ने इस मुद्दे पर चीन को चेताते हुए कहा था कि यदि उसने गतिविधियां बंद नहीं की तो वह अलग-थलग पड़ जाएगा। गौरतलब है कि दक्षिण चीन सागर के करीब-करीब पूरे क्षेत्र पर चीन अपना दावा बताता है। वहीं, फिलीपींस, वियतनाम, मलेशिया, ताइवान, ब्रूनेई जैसे छोटे देश भी अलग-अलग हिस्सों पर अपना दावा जताते हैं। इन देशों के समर्थन में इस क्षेत्र में अमेरिकी युद्धपोत और विमानों की आवाजाही पर चीन कई बार नाराजगी जता चुका है।

दो और लाइटहाउस शुरू करेगा चीन

दक्षिण चीन सागर में इस साल के अंत तक चीन दो और लाइटहाउस शुरू करेगा। मिजी और योंगशू रीफ पर इनका निर्माण तेजी से चल रहा है। शिन्हुआ के अनुसार मिजी रीफ पर बन रहा लाइटहाउस 60 मीटर ऊंचा होगा। नान्शा द्वीप पर यह सबसे ऊंचा निर्माण होगा। अप्रैल में चीन ने सुबी रीफ पर 55 मीटर ऊंचा लाइटहाउस शुरू किया था। न्यूज एजेंसी के अनुसार योंगशू रीफ पर एक आधुनिक अस्पताल का निर्माण इस महीने के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।