विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 22, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इस बार के खेल पुरस्कारों का हुआ ऐलान, जानिए किसको-किसको मिलेगा सम्मान

By sanjay savernEdited By:
Published: Mon, 22 Aug 2016 05:10 PM (IST)Updated: Tue, 23 Aug 2016 02:16 AM (IST)

आज भारत के सबसे बड़े खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न के इस बार के नामों का ऐलान हो गया।

News Article Hero Image

नई दिल्ली। आज भारतीय खेल पुरस्कारों का ऐलान हो गया। दिलचस्प बात ये है कि इन पुरस्कारों के इतिहास में पहली बार चार खिलाड़ियों को सबसे प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार 'राजीव गांधी खेल रत्न' मिलेगा। दरअसल, सरकार ने एक खास नियम बनाया हुआ है जिसके तहत ओलंपिक वर्ष के दौरान एक से अधिक खिलाड़ियों को खेल रत्न से सम्मानित किया जा सकता है। वहीं, द्रोणाचार्य पुरस्कार, अर्जुन अवॉर्ड और ध्यानचंद अवॉर्ड्स की भी घोषणा हो गई है।

- ओलंपिक की दोनों भारतीय 'सुपर गर्ल्स' को सम्मान

रियो ओलंपिक में भारत को महिला कुश्ती इतिहास में पहला पदक (कांस्य) साक्षी मलिक ने हासिल कराया जो कि इस ओलंपिक संस्करण में भारत का पहला पदक भी साबित हुआ। वहीं, उसके बाद बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू सिंगल्स फाइनल में स्पेन की कैरोलीन मारिन के खिलाफ हार तो गईं लेकिन उन्होंने भारत को इस खेल में पहली बार सिल्वर मेडल हासिल कराया। भारत ने रियो ओलंपिक में कुल दो पदक इन्हीं दो भारतीय धुरंधरों के दम पर जीते इसलिए अब इन्हें खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित करने का फैसला लिया गया है।

- दीपा करमाकर और जीतू राय को भी खेल रत्न

ओलंपिक जिम्नास्टिक्स में वॉल्ट पर शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय करने वाली दीपा करमाकर को भी खेल रत्न देने का फैसला लिया गया है। दीपा ओलंपिक इतिहास में क्वालीफाइ करने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बनी थीं। वो रियो में इस स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहीं। वहीं निशानेबाज जीतू राय बेशक ओलंपिक में कुछ खास प्रभावित नहीं कर पाए लेकिन उनकी पूर्व की सफलताओं को देखते हुए उनको भी खेल रत्न देने का फैसला लिया गया है।

- विराट के कोच सहित छह कोचों को द्रोणाचार्य अवॉर्ड

विराट कोहली जब 9-10 साल के थे तभी उनके पिता ने अपने बेटे को राजकुमार शर्मा को सौंप दिया था। हर कोई उनकी शुरुआती प्रतिभा से वाकिफ दिख रहा था और राजकुमार ने भी जिम्मेदारी उठाते हुए भविष्य का दिग्गज बनाने की ठान ली। देखते-देखते आज उनका शिष्य विश्व क्रिकेट के शीर्ष स्तर पर जा पहुंचा है। सरकार ने देश को ऐसा नायाब क्रिकेटर देने के लिए कोच राजकुमार को द्रोणाचार्य अवॉर्ड देने का फैसला किया है।

राजकुमार के अलावा इन कोचों को भी द्रोणाचार्य अवॉर्ड दिया जाएगा- नागापुरी रमेश (एथलेटिक्स), सागर मल ध्याल (मुक्केबाजी), बिश्वेश्वर नंदी (जिम्नास्टिक्स), एस प्रदीप कुमार (तैराकी-लाइफटाइम), महाबीर सिंह (कुश्ती-लाइफटाइम)।

- इनको मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड

वहीं, अगर बात करें अर्जुन अवॉर्ड की तो इस बार इन खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड दिया जाएगा-

अजिंक्य रहाणे (क्रिकेट), रजत चौहान (आर्चरी), ललिता बाबर (एथलेटिक्स), सौरव कोठारी (बिलियर्ड्स एंड स्नूकर), शिवा थापा (मुक्केबाजी), सुब्रत पॉल (फुटबॉल), रानी (हॉकी), रघुनाथ (हॉकी), गुरप्रीत सिंह (शूटिंग), अपूर्वी चंदीला (शूटिंग), सौम्यजीत घोष (टेबल टेनिस), विनेश (कुश्ती), अमित कुमार (कुश्ती), संदीप सिंह मान (पैरा-एथलेटिक्स) और वीरेंद्र सिंह (कुश्ती- बधिर)।

- ध्यानचंद अवॉर्ड 2015

सत्ती गीता (एथलेटिक्स), सिल्वानस डुंग डुंग (हॉकी) और राजेंद्र प्रह्लाद शेल्के (रोइंग)।

ओलंपिक खेलों की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें

क्रिकेट से जुड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।