विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 24, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अाखिरकार कांग्रेस के लिए कमेंट्री करेंगे सिद्धू, पत्‍नी और परगट 28 को होंगे शामिल

By Sunil Kumar JhaEdited By:
Updated: Thu, 24 Nov 2016 10:30 AM (IST)

नवजोत सिंह सिद्धू ने नया राजनीतिक ठिकाना तय कर लिया है। वह विस चुनाव में कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे। परगट सिंह व सिद्धू की पत्‍नी नवजोत कौर 28 नवंबर को कांग्रेस में शामिल होंगे।

News Article Hero Image

जेएनएन, चंडीगढ़। पूर्व क्रिकेटर नवजाेत सिंह सिद्धू और भारतीय हाकी टीम के कप्तान परगट सिंह ने अपना नया राजीनतिक ठिकाना ढ़ूंढ़ लिया है। परगट सिंह ओर सिद्धू की पत्नी डा. नवजोत कौर सिद्धू 28 नंवबर को कांग्रेस में शामिल हाेंगे। खुद सिद्धू बाद में सही मौके पर कांग्रेस में शामिल होंगे, लेकिन वह विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे।

पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह ने कहा कि परगट सिंह और डा. नवजोत कौर सिद्धू 28 नवंबर को कांग्रेस में शामिल होंगे। दोनों कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ेंगे। बताया जाता है कि बुधवार को बातचीत में लगभग तय हो गया है कि नवजोत सिद्धू सीधे कांग्रेस में तो शामिल नहीं होंगे, लेकिन पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के समर्थन में खुलकर प्रचार करेंगे।

पढ़ें : सिद्धू और परगट का कांग्रेस से हाथ मिलना लगभग तय, आज एलान संभव

कांग्रेस के उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस हाइकमान के साथ नवजोत सिंह सिद्धू की हुई बातचीत में पंजाब चुनाव में सिद्धू की भूमिका तय हो गई। सूत्र ने बताया कि सिद्धू की कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से गोपनीय मुलाकात और चर्चा मंगलवार को हुई। इसमें सिद्धू ने फिलहाल सीधे तौर पर कांग्रेस में शामिल होने के बजाय उसके लिए प्रचार करने का प्रस्ताव दिया।

पढ़ें : सिद्धू को सहयोगियों ने दिया झटका या नए समीकरण की तैयारी

इसके साथ ही कांग्रेस के साथ सिद्धू की निकटता का पंजाब चुनाव में स्पष्ट संदेश देने के लिए यह तय हो गया कि नवजोत कौर और परगट सिंह कांग्रेस में 28 नवंबर को औपचारिक रूप से शामिल होंगे। इन दोनों को कांग्रेस में शामिल करने की घोषणा पार्टी जोर-शोर से जल्द ही करेगी।

परगट सिंह और नवजोत कौर ने भी राहुल गांधी से बातचीत की। इस दौरान कैप्टन अमरिंदर और गुलाम नबी आजाद भी मौजूद थे। सिद्धू के इस प्रस्ताव पर कांग्रेस हाईकमान को भी कोई एतराज नहीं है। क्योंकि पंजाब के मौजूदा चुनावों में समीकरण को देखते हुए कांग्रेस सिद्धू को परोक्ष या प्रत्यक्ष किसी भी भूमिका में अपने लिए फायदे का सौदा मान रही है।

समझा जाता है कि कांग्रेस हाइकमान ने सिद्धू को इस बात का भी खुला प्रस्ताव दिया है कि उनकी पत्नी यदि विधानसभा चुनाव लड़ती हैं तो अमृतसर लोकसभा सीट से सिद्धू खुद चुनाव लड़ें। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज अमृतसर लोकसभा सीट से अपना इस्तीफा स्पीकर को औपचारिक रूप से सौंप कर सिद्धू को अपनी पसंद तय करने का खुला मैदान भी दे दिया है।

पढ़ें : सिद्धू के साथी बैंस ब्रदर्स ने 'आप' से मिलाया हाथ, पांच सीटों पर किया गठजोड़

परगट सिंह का कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना पक्का हो गया है। नवजोत कौर का भी कांग्रेस से चुनाव लड़ना तय है। कांग्रेस काफी समय से सिद्धू को कांग्रेस के पाले में लाने की कोशिश में जुटी थी। पार्टी हाईकमान का मानना है कि सिद्धू के साथ परगट के आने से चुनाव में आम आदमी पार्टी की चुनौती को थामने में पार्टी को काफी फायदा मिलेगा।१
-----

अमरिंदर ने पहले सिद्धू के मोर्चा को कहा था और अब कर रहे स्वागत

तब : यह (आवाज-ए-पंजाब) चार लोगों की तांगा पार्टी की तरह है, जिसमें दो लोग आगे बैठते हैं और दो लोग पीछे बैठते हैं। इसका शायद ही कोई असर होगा। चार लोग कोई राजनीतिक पार्टी नहीं बना सकते। (17 सितंबर, 2016को प्रेस कांफ्रेंस में)

अब : मुङो बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि नवजोत कौर सिद्धू और परगट सिंह 28 नवंबर को औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल होंगे। (23 नवंबर, 2016 ट्विटर पर)।

------

बादल ने कहा- सिद्धू मौकापरस्त

'' सिद्धू जैसे मौकापरस्त नेता भटकने के सिवाय कुछ नहीं कर सकते। जो लोग किसी मसले पर अपना पक्ष स्पष्ट नहीं कर सकते उनका कोई राजनीतिक कद नहीं होता।

-प्रकाश सिंह बादल, मुख्यमंत्री।
-------

'' यह सिद्धू का अपना फैसला है। 'आप' पहले भी कहती आई है कि सिद्धू हर प्रकार के फैसले के लिए स्वतंत्र हैं। इसका लाभ या नुकसान जो भी होगा वे जानें। सिद्धू के साथ जब हमारी बातचीत हुई थी तब भी हमने उनका स्वागत किया था।

-गुरप्रीत घुग्गी, पंजाब आप कन्वीनर।