विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 09, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आप विधायक नरेश यादव के खिलाफ मिले पुख्‍ता सुबूत, होंगे गिरफ्तार

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Sat, 09 Jul 2016 11:44 AM (IST)Updated: Sun, 10 Jul 2016 11:30 AM (IST)

पुलिस ने कहा है कि मालेरकोटला के कुरान शरीफ बेदअबी मामले में आप विधायक नरेश यादव के खिलाफ कई सुबूत मिले हैं और उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है।

News Article Hero Image

संगरूर, (वेब डेस्क)। कुरान शरीफ बेअदबी मामले में पूछताछ के लिए बुलाए गए दिल्ली के महरौली से आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश यादव से यहां शनिवार को पुलिस ने पूछताछ की। लगभग आठ घंटे तक पूछताछ करने के बाद एसएसपी प्रीतपाल सिंह ने कहा कि नरेश यादव के खिलाफ कई सुबूत मिले हैं। उनकी गिरफ्तारी भी संभव है। बहरहाल, पूछताछ के बाद बाहर निकले यादव ने कहा कि पुलिस ने उनसे पूछताछ में ज्यादती की है, लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं।

एसएसपी ने कहा- विधायक के खिलाफ मिले हैं कई सबूत, नरेश का आराेप- पुलिस ने की ज्यादती

पुलिस सूत्रों के मुताबिक नरेश यादव से 100 सवाल पूछे गए। उनसे वह सवाल भी पूछे गए जिनके वह पिछली पूछताछ में ठीक से जवाब नहीं दे पाए थे। विधायक के साथ आप प्रदेश संयोजक सुच्चा सिंह छोटेपुर व हिम्मत सिंह शेरगिल भी थे। बेअदबी मामले के गिरफ्तार आरोपी ने विधायक नरेश यादव का नाम लिया था।

पूछताछ के लिए जाने से पूर्व नरेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अगर वह गुनहगार साबित हुए तो उन्हें सूली पर लटका दिया जाए। यादव ने कहा कि पहली पूछताछ में भी उन्होंने हर सवाल का जवाब दिया था। अब उन्हें दोबारा बुलाया गया तो वह आ गए। पूछताछ के लिए सीआईए स्टाफ पहुंचे विधायक नरेश यादव के साथ सांसद भगवंत मान, पंजाब कनवीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर व हिम्मत सिंह शेरगिल भी मौजूद रहे। मौके पर आम आदमी पार्टी के समर्थकों भी जमा हुए व सरकार के खिलाफ रोष जाहिर किया।

विजय कुमार से उनके संबंधों संबंधी पूछे जाने पर नरेश यादव ने कहा कि वह जनता की ओर से चुने गए नुमाइंदे हैं, जिसके चलते हर प्रकार के व्यक्ति उनसे मिलने पहुंचते हैं, जिनमें से कई लोग उनके जान-पहचान के होते हैं तो कई अंजान भी। उन पर लगे आरोपों के लिए उन्होंने सीधे तौर पर अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार की बौखलाहट को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सरकार आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता को बढ़ता देख इस प्रकार के झूठे मामलों में आम आदमी पार्टी के नेताओं को फंसा रही है। जिस प्रकार गत दिनों अाशीष खेतान को फंसाया गया है।

पांच जुलाई को पटियाला में हुई थी पूछताछ

कुरान बेअदबी मामले में विधायक नरेश यादव से 5 जुलाई को भी पटियाला में जांच टीम ने पूछताछ की थी। उस समय जांच टीम विधायक यादव के जबाव से संतुष्ट नहीं थी।

नहीं हुआ पॉलीग्राफ टेस्ट, पुलिस की उम्मीद टूटी

मुख्य आरोपी विजय कुमार, नंद किशोर व गौरव का पुलिस रिमांड भी 10 जुलाई को खत्म हो जाएगा। पुलिस इन्हें दोबारा कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेगी और उसके बाद पोलीग्राफ टेस्ट करवाया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही थी कि शुक्रवार को विजय का पॉलीग्राफ टेस्ट करवा लेगी लेकिन समय नहीं मिलने के कारण टेस्ट नहीं हो पाया। अगर शुक्रवार को टेस्ट हो जाता तो शनिवार को विधायक से होने वाली पूछताछ में पुलिस को काफी मदद मिलने की उम्मीद थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।