यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अगले हफ्ते से भारत में उपलब्ध होगा गूगल नेक्सस 6
आखिरकार अगले हफ्ते में गूगल नेक्सस 6 भारतीय यूजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएगा। फ्लिपकार्ट ने नेक्सस 6 के लिए प्री-आर्डर शुरू कर दिया है जबकि गूगल प्ले स्टोर आने वाले कुछ दिनों में स्टॉक उपलब्ध करेगा।

नई दिल्ली। आखिरकार अगले हफ्ते में गूगल नेक्सस 6 भारतीय यूजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएगा। फ्लिपकार्ट ने नेक्सस 6 के लिए प्री-आर्डर शुरू कर दिया है जबकि गूगल प्ले स्टोर आने वाले कुछ दिनों में स्टॉक उपलब्ध करेगा। ट्विटर पर नेक्सस 6 के उपलब्धता के बारे में फ्लिपकार्ट ने कंफर्म किया है। ई-कामर्स साइट ने कहा अगले हफ्ते इस नये डिवाइस की शिपमेंट शुरू हो जाएगी।
पिछले महीने फ्लिपकार्ट ने नेक्सस 6 के साथ एक्सचेंज ऑफर दिया था जिससे इसके कस्टमर्स को पुराने स्मार्टफोन्स के बदले 10,000 रुपये तक का डिस्काउंट मिल सके।
गूगल ने अक्टूबर में मोटोरोला निर्मित नेक्सस 6 पर से पर्दा हटाया था और साथ ही एंड्रायड लॉलीपॉप ऑपरेटिंग सिस्टम भी रिलीज किया था व एचटीसी निर्मित नेक्सस 9 टैबलेट की भी घोषणा की ।
नेक्सस 6 में 2560 गुणा 1440 पिक्सल का क्यूएचडी रेजोल्यूशन के साथ कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 3 प्रोटेक्शन व 6 इंच का एमोल्ड डिस्प्ले है। क्वालकॉम स्नैपड्रगन 805 चिपसेट व 2.7 जीएचजेड क्वाड-कोर सीपीयू, के साथ इसमें एड्रीनो 420 जीपीयू और 3जीबी का रैम है।
नेक्सस 6 में 32जीबी और 64 जीबी का स्टोरेज ऑप्शन है जो क्रमश: 43,999 और 48,999 रुपये में उपलब्ध है।
इसमें डुअल-एलइडी रिंग फ्लैश और फ्रंटल डुअल लाउडस्पीकर के अलावा 13 मेगापिक्सल का रियर व 2 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है। कनेक्टीविटी के लिए इसमें वाई-फाई 802.11, ए/बी/जी/एन/एसी, ब्लूटूथ 4.1, ए-जीपीएस, एनएफसी और माइक्रोयूएसबी पोर्ट है। इसके अलावा इसमें 3,220 एमएएच की बैटरी लगी है।

