यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 23, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मायावती उत्तर प्रदेश के दलितों के लिए दैवीय आपदाः कठेरिया
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया ने आज आगरा में मायावती को दलितों के लिए दैवीय आपदा करार दिया है।

आगरा (जेएनएन)। मायावती पर अभद्र टिप्पणी करने वाले दयाशंकर सिंह की बेटी के लिए आपत्तिजनक बातें करने वाले बसपा नेताओं के बयान से सियासत गरमा गई है। बेटी के सम्मान की खातिर सड़क पर उतरी भाजपा ने जमकर जोर दिखाया। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रामशंकर कठेरिया ने मायावती को दलितों के लिए दैवीय आपदा तक कह दिया। सुभाष पार्क से कलक्ट्रेट तक मार्च के बाद भाजपा ने बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी व कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग की।
उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समाचारों के लिये यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश के अन्य समाचार पढऩे के लिये यहां क्लिक करें
भाजपाई आज दोपहर सुभाष पार्क स्थित वाल्मीकि वाटिका में एकत्र हुए। यहां से वह जुलूस के रूप में मार्च करते हुए कलक्ट्रेट तक पहुंचे। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 'बेटी के सम्मान में भाजपा मैदान में' कार्यक्रम में महिला नेत्रियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने नसीमुद्दीन सिद्दीकी को बर्खास्त करो और गिरफ्तार करो के नारे लगाए। आगरा कलक्ट्रेट में पूर्व केंद्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री डॉ. रामशंकर कठेरिया ने कहा कि मायावती कहती हैं कि अगर भाजपा दयाशंकर सिंह के खिलाफ मुकदमा कराती, तो मेरा दिल जीत लेती, मगर हम तो कई बार उनका दिल जीत चुके हैं। सपा से उनकी जान बचाई। भाजपा ने यह सोचकर दो बार मुख्यमंत्री बनवाया कि इससे दलितों का उत्थान व विकास होगा, मगर ऐसा नहीं हुआ। वह जब भी मुख्यमंत्री बनीं, तो उप्र के दलितों के लिए दैवीय आपदा की तरह काम किया।
महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे ने कहा कि बेटी के बारे में अपशब्दों का प्रयोग और पेश करने की बात से नारी शक्ति आहत है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी को पार्टी से बर्खास्त कर गिरफ्तार किया जाए। जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया ने कहा कि अगर इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। विधायक जगन प्रसाद गर्ग व योगेंद्र उपाध्याय ने बेटी के अपमान की संपूर्ण रिकॉर्डिंग की जांच कर मुकदमा दर्ज कराने और दयाशंकर सिंह के परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की बात कही। अंत में एडीएम सिटी धर्मेंद्र सिंह को राज्यपाल को नामित ज्ञापन सौंपा गया।

