यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमर सिंह ने कहा था- मलायम सिंह झूठे और धृतराष्ट्र
समाजवादी पार्टी छोडऩे के बाद अमर सिंह ने सपा मुखिया मलायम सिंह को झूठा, जोकर और धृतराष्ट्र तक कहा था। यह भी संकल्प लिया था कि वह जहर खा लेंगे लेकिन मु ...और पढ़ें

लखनऊ। समाजवादी पार्टी छोडऩे के बाद अमर सिंह ने सपा मुखिया मलायम सिंह को झूठा, जोकर और धृतराष्ट्र तक कहा था। यह भी संकल्प लिया था कि वह जहर खा लेंगे लेकिन मुलायम की सूरत नहीं देखेंगे। आज सवा छह साल बाद वही अमर सिंह सपा के टिकट पर राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं।
फरवरी 2010 को सपा से निकाले जाने के बाद अमर सिंह ने कई साल तक समूचे सपा नेतृत्व को जमकर कोसा था। 15 जनवरी 2011 को आगरा में उन्होंने एलान किया था कि वह मुलायम सिंह यादव की सूरत देखने से पहले पोटेशियम साइनाइड खाकर जान दे देंगे। वह बोले थे, 'मैंने मुलायम सिंह को अपनी दोनों किडनी सप्लाई कीं, बसपा विधायक सप्लाई किये, इसलिए मैं सप्लायर हूं। इसके बाद भी उन्होंने बार-बार मुलायम को कोसा। कभी सार्वजनिक बयान देकर, कभी ब्लॉग में लिखकर उन्होंने चुभने वाली बातें कहीं। ब्लाग में उन्होंने लिखा, 'मुलायम अब आप अपनी अच्छी-बुरी राजनीति के अकेले दर्जी और कूड़ेदान खुद हैं। आपको अपनी भूमिका मुबारक और मेरे राजनीतिक निर्वाण के लिए शुक्रिया। ' एक बार तो खुद एकलव्य बताकर लिखा, 'मैं मुलायम के लिए एकलव्य बनकर संतुष्ट हूं, पर एकलव्य की तरह अपना अंगूठा उन्हें नहीं दूंगा।'
नई दिल्ली में अगस्त 2013 में अमर सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह धृतराष्ट्र हो गए हैं। वे भूल जाते हैं कि वे राजा नहीं, जनता के नौकर हैं। अमर सिंह ने अपने ब्लॉग में 21 मार्च 2010 में लिखा कि मुलायम सिंह या तो लोहियावादी नहीं हैं या फिर स्वार्थी मुलायमवाद का सफेद झूठ लोहिया जी पर मढऩा चाहते हैं।