Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 07, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    आनर किलिंगः मैनपुरी में पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल के शव

    By Nawal MishraEdited By:
    Updated: Wed, 07 Dec 2016 08:43 PM (IST)

    मैनपुरी के सलेमपुर मे सुबह शादी में असफल प्रेमी जोड़े के शव गांव के बाहर बाग में पेड़ से लटके मिले। दोनों एक ही पेड़ से अलग-अलग शॉल और गमछे से लटक थे। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    मैनपुरी(जेएनएन)। मैनपुरी के एलाऊ थाने के सलेमपुर में आज सुबह शादी में असफल प्रेमी जोड़े के शव गांव के बाहर बाग में पेड़ से लटके मिले। दोनों एक ही पेड़ से अलग-अलग शॉल और गमछे से लटक थे। परिजन आत्महत्या की बात कह रहे हैं, लेकिन घटनास्थल के हालात आत्महत्या पर सवाल खड़े कर रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

    सलेमपुर निवासी अनिल (22) पुत्र बादशाह बीएससी अंतिम वर्ष का छात्र था। वह प्राइवेट वाहन भी चलाता था। अनिल के मकान से कुछ दूरी पर रहने वाली अर्चना (16) पुत्री नेत्रपाल कक्षा नौ की छात्रा थी। दोनों में डेढ़ साल से नजदीकियां थीं। घर वालों ने विरोध के बावजूद दोनों ने शादी करने का एलान कर दिया। कुछ दिन पहले घर से भाग गए थे, लेकिन फिर वापस आ गए। लड़की के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी थी, गोद भराई की रस्म भी हो गई थी, जबकि अनिल की शादी तय करने के लिए बुधवार को लड़की वाले घर आने थे। हालांकि दोनों शादी का विरोध कर रहे थे। परिजनों की जिद देख दोनों को लग रहा था कि वह जुदा हो जाएंगे। इसे लेकर कुछ दिन से मायूस रहने लगे थे।

    अनिल के परिजनों ने बताया कि रात 11 बजे अनिल अपने बिस्तर पर नहीं था। अर्चना भी इसी समय घर से गायब हो गई। रात में खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चल सका। आज सुबह नौ बजे गांव से एक किलोमीटर दूर पीपल के पेड़ पर दोनों की लाशें लटकी मिलीं। पेड़ की एक ही डाल पर दोनों के शव अलग-अलग मफलर और शॉल के सहारे लटके थे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शवों को नीचे उतारा गया। दोनों के परिजनों का कहना है कि प्यार में सफलता न मिलने पर दोनों ने आत्महत्या कर ली, लेकिन हालात कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। जिस डाल पर शव लटके थे, उस पर दोनों का एक साथ पहुंचना संभव नहीं था। दोनों नंगे पैर थे। युवती के गले में एक बेहद पतला कसाव का निशान था। यदि उसका गला शॉल से लटका था, तो उसके गले में रस्सी जैसा निशान नहीं पड़ता। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सक्सेना ने बताया कि दोनों कुछ दिन पहले फरार हो गए थे। परिजन आत्महत्या बता रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।