विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 21, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इलाहाबाद में सपा प्रत्याशी ने घर में घुसकर की मारपीट, फायरिंग

By Dharmendra PandeyEdited By:
Updated: Sat, 21 May 2016 12:16 PM (IST)

सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी से विधानसभा चुनाव का टिकट मिलने के बाद से ही प्रत्याशी बेलगाम हो गये हैं। कौशांबी के चायल से प्रत्याशी चंद्रबली पटेल व उनके साथियों के खिलाफ सुलेमसराय के एक प्रतियोगी छात्र ने घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

News Article Hero Image

लखनऊ। सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी से विधानसभा चुनाव का टिकट मिलने के बाद से ही प्रत्याशी बेलगाम हो गये हैं। कौशांबी के चायल से प्रत्याशी चंद्रबली पटेल व उनके साथियों के खिलाफ सुलेमसराय के एक प्रतियोगी छात्र ने घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

इलाहाबाद शहर में इस भूमि विवाद में हुए हमले में छात्र व उसके चाचा घायल हो गए हैं। घायलों को धूमनगंज थाना पुलिस ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। दूसरे पक्ष से भी पुलिस को तहरीर दी गई है।

साकेत नगर के चंद्रबली पटेल मूलरूप से कौशांबी के कटैनी थाना अन्तर्गत सरायअकिल के रहने वाले हैं। वह चायल विधानसभा सीट से सपा के घोषित प्रत्याशी हैं। इलाहाबाद के धूमनगंज थाने में सुलेमसराय में रहने वाले अरविंद कुमार पटेल पुत्र भरत लाल ने चंद्रबली पटेल, राजकुमार, अक्का, दिलीप के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। अरविंद का आरोप है कि कल करीब नौ बजे चंद्रबली पटेल साथियों के साथ न्याय नगर, झूंसी में उसकी भूमि पर पहुंचे और नापजोख करने लगे। जानकारी होने पर वह अपने चाचा लवकुश के साथ मौके पर पहुंचा और नापजोख का विरोध किया। इस पर वह धमकी देते हुए चले गए। इसके बाद सपा नेता व उनके साथियों ने उसके घर में धावा बोल दिया। असलहों से लैस लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं। बीच बचाव को चाचा आए तो उनको भी घायल कर दिया गया। मोहल्ले के लोगों के शोर मचाने पर असलहों से फायरिंग की। पुलिस के पहुंचने से पहले सपा नेता साथियों के साथ भाग चुके थे। शाम को रिपोर्ट दर्ज होने की सूचना मिलने पर सपा नेता भी थाने पहुंचे और साथी राजकुमार से अरविंद व परिवारीजन के खिलाफ तहरीर दिलवाई। धूमनगंज के इंस्पेक्टर कौशल किशोर यादव का कहना है कि सपा नेता व उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दूसरे पक्ष से भी तहरीर मिली है, रिपोर्ट दर्ज कराकर जांच की जा रही है।

मामला दर्ज

सीओ सिविल लाइंस आलोक मिश्र ने बताया कि सपा नेता चंद्रबली पटेल व उनके साथियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। वह घटना में मुख्य आरोपी नहीं है। सपा नेता पक्ष से भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

बदनाम करने की साजिश

सपा प्रत्याशी चंद्रबली पटेल ने बताया कि मैं देर शाम अपने चुनाव क्षेत्र से घर आया तो पता चला कि मेरे खिलाफ धूमनगंज थाने में कोई मामला दर्ज हुआ है। फर्जी रिपोर्ट साजिश के तहत केवल बदनाम करने की नियत से लिखाई गई है। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।