विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 28, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूपी के गुंडों को जेल भेजा तो खाली हो जाएगी सपा : मायावती

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Tue, 28 Jun 2016 12:43 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 28 Jun 2016 07:05 PM (GMT+05:30)

मायावती ने केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश राज्यपाल राम नाईक से प्रदेश की खराब कानून-व्यवस्था पर सक्रिय होने को कहा है।

News Article Hero Image

लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव पूर्व चले आरोप-प्रत्यारोप में बसपा प्रमुख मायावती ने आज सपा और भाजपा पर निशाना साधा। प्रदेश में कानून व्यवस्था के विकट हालात के लिए दोनों को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि सभी माफिया व गुंडों को जेल भेज दिया जाए तो समाजवादी पार्टी खाली हो जाएगी। भाजपा को घेरते हुए उन्होंने काला धन व विकास से जुड़े सवाल उठाए और कहा कि भाजपा दिल्ली में ही फेल हो गयी तो यूपी का विकास कैसे कर पाएगी? बसपा मुख्यालय में पत्रकारवार्ता के दौरान मायावती आम दिनों जैसी सहज नहीं दिखी। स्वामी प्रसाद मौर्य की बगावत के बाद अन्य कई नेताओं द्वारा पार्टी छोडऩे की आए दिन की चर्चाओं पर सफाई देना भी नहीं भूली। खासतौर से पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय व जयवीर सिंह को लेकर सोशल मीडिया पर चली खबरों को विरोधी दलों का फरेब बताया। दावा किया कि बसपा का टिकट पाने के लिए विरोधी दलों में भगदड़ है। राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव में सभी ऐसा देखा भी है।

संवैधानिक जिम्मेदारी निभाए राज्यपाल

मायावती ने पुलिस कर्मियों पर बढ़े हमलों का हवाला देते हुए कहा कि गुंडों को सपा का संरक्षण प्राप्त है। पुलिस और कर्मचारी खुद ही सुरक्षित नहीं है तो आमजनता कैसे सुरक्षित रहेगी? कई पुलिसकर्मी दबंगों ने मौत के घाट उतार दिए। ऐसी परिस्थितियों में राज्यपाल और केंद्र सरकार को अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो केंद्र सरकार और सपा को जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सुझाव दिया कि आपराधिक छवि वाले मंत्रियों व नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाएं और माफिया गुंडों को जेल भेजें। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसा सपा नहीं कर सकती क्योंकि कार्रवाई करेंगे तो सपा खाली हो जाएगी और जेलों में जगह नहीं बचेगी।

यह भी पढ़ें- स्वामी प्रसाद के जाने से कोई बसपा को नुकसान नहीं, मौर्य गद्दार व स्वार्थी : मायावती

छवि सुधार ड्रामे का असर नहीं

बसपा अध्यक्ष ने मुख्तार अंसारी प्रकरण पर भी सपा को घेरा। कहा कि कौमी एकता दल का विलय जरूर रद किया है लेकिन आने वाले चुनाव में सपा नेतृत्व अंसारी बंधुओं के खिलाफ कमजोर प्रत्याशी उतारकर कर्ज उतारेगा। प्रदेश की जनता सपा के ड्रामे से प्रभावित नहीं होगी। जनता ने जो कष्ट सहे हैं उसे भूल पाना संभव नहीं। किस्म किस्म की ड्रामेबाजी से अखिलेश की छवि सुधार पाना संभव नहीं होगा।

भाजपा बताए यूपी में विकास क्यों नहीं?

मायावती की अमित शाह और नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। प्रदेश के विकास को किए गए कार्य बताने का सवाल भी दागा। उनका कहना था कि प्रदेश में छह वर्ष के शासनकाल में भाजपा ने क्या किया। जनता जानना चाहती है कि कालाधन वापसी के बाद लोगों के बैंकखाते में 20 लाख रुपये कब आएंगे? उन्होंने सपा-भाजपा पर मिल कर सांप्रदायिक दंगों की साजिश रचने का आरोप भी लगाया। कहा कि मुजफ्फरनगर, दादरी व कैराना सपा-भाजपा की देन है।

यह भी पढ़ें- स्वामी प्रसाद मौर्य पुराना दल बदलू और मुलायम का साथी

दिल्ली की पुलिस को केंद्र ही संभाले

बसपा सुप्रीमो मायावती ने दिल्ली प्रदेश में बढ़े अपराधों पर केंद्र सरकार को घेरा। कहा कि यूपी से कई गुना छोटा होने के बाद भी अपराध बहुत ज्यादा है। भाजपा वहां पर भी कानून व्यवस्था सुधार नहीं पा रही तो यूपी में कैसे सुधार पाएगी? दिल्ली प्रदेश की सरकार को पुलिस व्यवस्था सौंप देने के सवाल पर मायावती का कहना था कि दिल्ली देश की राजधानी है और सुरक्षा की दृष्टि से अति महत्व भी है। प्रदेश की सरकार को पुलिस का एक हिस्सा भले ही सौंप दें परन्तु पूरा जिम्मा केंद्र ही संभाले।

यह भी पढ़ें- मायावती का वह निर्णय जिससे यूपी चुनावों में BSP को लग सकता है झटका!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।