विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 18, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पूर्व पीएम नरसिम्हा राव ने गिरवाया था अयोध्या में विवादित ढांचा: अंसारी

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Mon, 18 Jan 2016 05:19 PM (IST)Updated: Tue, 19 Jan 2016 10:00 AM (IST)

लंबे समय से बीमार चल रहे बाबरी मस्जिद मामले के मुख्य मुद्दई हाशिम अंसारी गाहे-बगाहे नया विस्फोट करते रहते हैं। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ। लंबे समय से बीमार चल रहे बाबरी मस्जिद मामले के मुख्य मुद्दई हाशिम अंसारी गाहे-बगाहे नया विस्फोट करते रहते हैं। अयोध्या में आज उन्होंने नया बम फोड़ा। अंसारी अयोध्या के विवादित ढांचा विध्वंस के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय पीवी नरसिम्हा राव को दोषी मानते हैं। उनका आरोप है कि विवादित ढांचा नरसिम्हा राव ने ही गिरवाया था।

अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस मामले पर हाशिम अंसारी ने कहा कि राम मंदिर विवाद पर सभी नेता रोटी सेंक रहे हैं। हमको को यहां पर अब मंदिर या मस्जिद के फैसले का इंतजार है। उन्होंने प्रश्न भी किया कि क्या अब कोर्ट हमारे मरने के बाद इस मामले में फैसला देगा। आज उन्होंने बड़ा आरोप लगाकर इस मामले को हवा दे दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दिवंगत नेता और पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव ने अयोध्या में विवादित स्थल पर मौजूद मस्जिद को तुड़वाया था। उन्हें पहले से इस मामले की जानकारी थी, फिर भी कोई कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा मामले में उनकी मुख्य भूमिका थी। इसके बाद भी वह विवादित ढांचा गिराने के मुकदमे में मुलजिम नहीं बने। वह सिर्फ इतने पर ही नहीं रुके, अंसारी ने कहा कि घटना के बाद नरसिम्हा राव ने मस्जिद को दोबारा बनवाने को कहा था, लेकिन उन्होंने देश के मुसलमानों के साथ धोखा किया और यहां पर मस्जिद नहीं बनवाई।

हाशिम अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी पर भी गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के लोग नेतागिरी के लिए देश के कानून से खेलते रहते हैं। सब नेता अयोध्या में राम जन्मभूमि और बाबरी मस्जिद के नाम पर सिर्फ नेतागीरी करते हैं। अगर कुछ कराना है तो इस विवाद का फैसला क्यों नहीं कराते हैं। आज हाशिम अंसारी बेहद नाराज दिखे। कड़कड़ती ठंड में उन्होंने कहा क्या हमारे मरने के बाद मंदिर-मस्जिद का फैसला होगा। उन्होंने कहा कि एक ओर रायबरेली की विशेष अदालत में मस्जिद शहीद करने वालों के विरुद्ध मुकदमा तो चल रहा है पर 23 वर्ष बाद भी किसी आरोपी का बाल भी बांका नहीं हुआ।

श्रम मंत्री से भेंट के बाद बदला रुख

कांग्रेस सहित भाजपा के प्रति आज काफी हमलावर हाशिम का ताजा रुख बीते हफ्ते सपा आलाकमान के दूत के रूप में आए प्रदेश के श्रम मंत्री शाहिद मंजूर से हाशिम की भेंट से जोड़कर देखा जा रहा है। यह सही है कि बाबरी मस्जिद के बुजुर्ग मुद्दई कांग्रेस के प्रति शुरू से ही हमलावर रहे हैं पर दिवंगत प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव का नाम लेकर उन्होंने कांग्रेस पर जिस तरह का खुला हमला बोला, वह उनके पहले से रुख से काफी भिन्न है। श्रम मंत्री से भेंट के पहले हाशिम अंसारी विवादित ढांचा विवाद से जुड़ी सियासत के क्रम में समाजवादी पार्टी पर भी निगाह तिरछी करने से नहीं चूकते थे पर ताजा बयान में उन्होंने सपा का नाम लिए बगैर कांग्रेस एवं भाजपा पर खुलकर हमला बोला।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।