यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 17, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुसलमानों को भाजपा से नहीं सपा से ज्यादा खतराः ओवैसी
आल इण्डिया मजलिस ए-इत्तेहादुल मुस्लेमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मुसलमानों को भाजपा से नहीं सपा से खतरा है।

सुलतानपुर (जेएनएन)। आल इण्डिया मजलिस ए-इत्तेहादुल मुस्लेमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मुसलमानों को भाजपा से नहीं सपा से खतरा है। सपा ने हमारी कौम को लंबे-लंबे वादे करके सिर्फ छलने का काम किया है।
पढ़े-मुलायम सिंह ने ओवैसी को अहसानफरामोश बताया
सुल्तानपुर के इसौली विधानसभा के इस्लामगंज के ईदगाह मैदान में एक जनसभा में असदुद्दीन ओवैसी ने केवल मुसलमानों की एकजुटता की बात करते हुए सपा को निशाने पर लिया। जनसभा में औवैसी ने कहा कि सपा सरकार कभी भी मुसलमानों की हितैषी नहीं रही है । उन्होंने कहा कि हमारे बच्चे पढ़ना चाहते थे लेकिन विद्यालय नही खोले गये। नौकरियों में भी हमारी कौम को तरजीह नही दी गयी। वायदे के अनुसार सपा ने मुलसमानों के साथ न्याय नही किया। उन्होंने कहा कि सपा बाबरी विध्वंस व गुजरात दंगा पर भाजपा को दोषी ठहराता है लेकिन सपा सरकार में मुजफ्फरपुर में हुए दंगे में जिसमें मुसलमानों के खिलाफ काफी ज्यादती की गयी, सपा ने कुछ नहीं बोला।
उत्तर प्रदेश के अन्य समाचार पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
इसौली विधायक पर चुटकी लेते हुए औवैसी ने कहा कि यहा का भी विधायक सपा के लोगों के खिलाफ बोलता है लेकिन मुजफ्फरपुर दंगे पर कभी नही बोला। औवैसी ने कहा कि दादरी में इखलाख की हत्या की गयी। हरियाणा में रमज़ान के महीने में मुसलमान नौजवानों को मारा गया कि मप्र में मुसलमानों के साथ ज्यादती की गयी। क्या सपा ने कभी हमारी कौम के लिए आवाज उठायी। आठ प्रतिशत प्रदेश में यादव वोट के साथ केवल हमारे वोट से सत्ता में है फिरभी हमें हमारी भागीदारी से दूर रखा जा रहा है। हम आपके लिए लड़ाई लडेगे इसके लिए आपको हमारी पार्टी को मजबूत करना होगा।

