विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 14, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कांग्रेस ने किया भाजपा पर पलटवार

By Edited By:
Updated: Mon, 14 Jul 2014 01:23 AM (IST)

News Article Hero Image

राज्य ब्यूरो, देहरादून: कांग्रेस और भाजपा के बीच अब वाक्युद्ध तेज होने लगा है। मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक सुरेंद्र कुमार ने भाजपा नेताओं के बयानों पर पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट व भाजपा महामंत्री प्रकाश पंत के बयानों पर जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में हरीश रावत के नेतृत्व में सरकार सुचारू रूप से चल रही है। बेहतर होता कि भाजपा के सांसद बयान देने की बजाय संसद में बजट के मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ते।

मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक ने एक बयान जारी कर नेता प्रतिपक्ष के मुख्यमंत्री हरीश रावत के संबंध में दिए गए बयान पर कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका निर्णय कांग्रेस नेतृत्व को करना है। वर्तमान मुख्यमंत्री के स्थान पर अन्य को मुख्यमंत्री बनाने की अपनी रुचि को लेकर नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस की सर्वोच्च नेता सोनिया गांधी के सामने अपनी अर्जी लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में सरकार सुचारू चल रही है और वे अस्पताल से ही राजकाज की समीक्षा प्रभावी ढंग से कर रहे हैं। सांसदों को लिखे गए पत्र पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद भगत सिंह कोश्यारी की टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि भाजपा नेता अपनी चुप्पी संसद में तोड़ते तो राज्य को पहले से ही स्वीकृत परियोजनाएं, आपदा और ग्रीन बोनस के लिए आर्थिक सहायता मिल सकती थी। उन्होंने भाजपा नेता प्रकाश पंत को आपदा के मामले में हाईकोर्ट में जाने पर भी टिप्पणी की। उन्होने कहा कि बेहतर होता कि वे अपने विधायकों से सत्र में चर्चा न कराने पर सवाल पूछते।