यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तराखंड में सरकार और संगठन की खींचतान में लगेगा विराम
प्रदेश में सरकार और कांग्रेस संगठन की रार पर अब विराम लगेगा। नई दिल्ली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार और संगठन को तालमेल के साथ काम करने ...और पढ़ें

देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: प्रदेश में सरकार और कांग्रेस संगठन की रार पर अब विराम लगेगा। नई दिल्ली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हरीश रावत और प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी के साथ बैठक में इस रार पर चर्चा की। उन्होंने विधानसभा चुनाव में सरकार और संगठन को तालमेल के साथ काम करने की नसीहत दी। साथ में मंत्रिमंडल को चुनाव में बेहतर प्रदर्शन का जिम्मा सौंपा गया।
यह भी तय हुआ कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के स्वस्थ होने के बाद एक और बैठक होगी। उधर, मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि सरकार और संगठन बेहतर तालमेल से काम कर रहे हैं।
पढ़ें:-हरीश रावत सरकार को उखाड़ फेंकेगा अनुसूचित समाज: अजय टम्टा
पीडीएफ के मुद्दे पर सरकार और संगठन के बीच रार अब राहुल दरबार में पहुंच चुकी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय डेंगू से पीड़ित होने की वजह से नई दिल्ली में उक्त बैठक में शिरकत नहीं कर पाए।
बैठक में राहुल गांधी ने प्रदेश में कांग्रेस की चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने सरकार और संगठन में खींचतान खत्म कर एकजुट हो चुनाव तैयारी में जुटने को कहा।
पढ़ें: रामनगर पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कांग्रेस पर किए तीखे वार
प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी ने पीडीएफ की ओर से प्रदेश संगठन को लेकर की गई शिकायत बैठक में रखी। पीडीएफ पर तकरार खत्म करने को कहा गया। यह तय हुआ कि सरकार और संगठन में मतभेद दूर कर चुनाव के लिए ठोस एजेंडे के साथ उतरा जाएगा। जल्द ही एजेंडा समिति का गठन भी होगा।
कांग्रेस नेतृत्व ने विधानसभा क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए राज्य मंत्रिमंडल को जिम्मा सौंपने को कहा है। मंत्रियों पर अगल-बगल की सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की जिम्मेदारी भी होगी। सूत्रों की मानें तो राहुल ने चुनाव में हर हाल में बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा की। साथ ही इसमें किसी भी स्तर पर हीलाहवाली न होने की हिदायत भी दी है।
पार्टी नेतृत्व का जोर कांग्रेसशासित राज्य उत्तराखंड में अपनी पकड़ बनाए रखने की है। लिहाजा सभी पक्षों से एकजुट होकर चलने पर खास फोकस किया गया। बैठक में प्रदेश सह प्रभारी संजय कपूर भी मौजूद रहे।
पढ़ें: सीएम हरीश रावत के सलाहकार पर हमला हो सकता है चुनावी स्टंट: कुंवर चैंपियन
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव तैयारियों का जायजा लिया। बैठक अच्छी रही। सरकार और संगठन में मतभेदों से इन्कार करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों बेहतर समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ एक बैठक जल्द होगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भी शिरकत करेंगे।
भगतराज विशेष आमंत्रित सदस्य
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भगतराज को विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया है। प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने उन्हें ये जिम्मेदारी सौंपी है।
पढ़ें: भाजपा को दल-बदल के पाप का जनता देगी जवाब: मुख्यमंत्री हरीश रावत