विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 14, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

देहरादून में भाजपा विधायक बिदके और टूट गई घोड़े की टांग

By sunil negiEdited By:
Updated: Tue, 15 Mar 2016 03:33 PM (IST)

प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन कितना सफल रहा, यह तो 'इंसानों' के सोचने का विषय है, मगर इस शक्ति प्रदर्शन से बेजुबां घोड़ा हमेशा के लिए लाचार हो गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों की झड़प में घोड़े की पिछली टांग की हड्डी टूट गई।

News Article Hero Image

देहरादून। प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन कितना सफल रहा, यह तो 'इंसानों' के सोचने का विषय है, मगर इस शक्ति प्रदर्शन से बेजुबां घोड़ा हमेशा के लिए लाचार हो गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों की झड़प में घोड़े की पिछली टांग की हड्डी टूट गई। इस घोड़े को देखने के लिए मुख्यमंत्री देर शाम पुलिस लाइन गए और चिकित्सकों से उचित देखभाल को कहा। इस मामले पर घुड़सवार पुलिस के इंचार्ज श्याम सिंह की ओर से विधायक गणेश जोशी व अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

सोमवार को भाजपा के विधानसभा घेराव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं का एक जत्था विधान सभा चौक पर पहुंचा। इसे रोकने के लिए पुलिस के घुड़सवार मौजूद थे। इसी दौरान भाजपा विधायक गणेश जोशी ने पुलिस में वर्ष 2006 में शामिल हुए शक्तिमान नामक घोड़े पर लाठी मार दी। इससे घोड़ा बिदक कर पीछे की ओर आया, जहां पर लोहे के रेलिंग में उसका पैर फंस गया। इस बीच एसएसपी सदानंद दाते ने विधायक जोशी को इस घोड़े पर वार करने से रोका। इसी बीच एक कार्यकर्ता ने घोड़े की लगाम खींच ली। इससे घोड़े पर जोर पड़ा और वह जमीन पर आ गिरा। काफी देर के उपचार के बाद जब इस घोड़े को खड़ा करने की कोशिश की गई तो वह बामुश्किल तीन टांगों पर ही खड़ा हो पाया।

देखें:भाजपा की रैली में पुलिस के घोड़े की टांग टूटी, देखें तस्वीरों में..

इस दौरान उसकी टूटी टांग और बहता खून नजर आया। घोड़े को बाद में बामुश्किल उपचार के लिए पुलिस लाइन भेजा गया। इसे पशु चिकित्सकों के साथ ही सेना के चिकित्सकों को भी दिखाया जाएगा। सोमवार शाम मुख्यमंत्री हरीश रावत रेसकोर्स पुलिस लाईन स्थित अस्तबल में प्रदर्शन में घायल हुए घोड़े को देखने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने एसएसपी सदानंद दाते को निर्देश दिए कि चेन्नई व तमिलनाडू में जो पशु चिकित्सालय हैं, आवश्यकता पड़ने पर घायल घोड़े के स्वास्थ्य उपचार को वहां से मदद ली जा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घोड़े के स्वास्थ्य उपचार पर होने वाला व्यय राज्य सरकार वहन करेगी। यह घोड़ा नौ नवम्बर की परेड में भी शामिल हुआ था। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि भाजपाइयों की संवदेनाएं मर गई हैं। इसमें कानून तो अपना काम करेगा, लेकिन प्रदेश की जनता दंड देगी।

अजय भट्ट ने किया बचाव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट का कहना है कि विधायक गणेश जोशी ने आत्मरक्षा में घोड़े को खुद से दूर हटाने के लिए जमीन पर लाठी फटकारी थी। इससे घोड़ा पीछे हटा और संभवत: उसका पैर रेलिंग में फंसने के कारण चोटिल हुआ।

घोड़े की टांग पर डंडा नहीं मारा: जोशी
विधायक गणेश जोशी का कहना है कि उन्होंने घोड़े की टांग पर डंडा नहीं मारा। सुबह से भूखा प्यासा घोड़ा नीचे गिर गया होगा। उसे पानी पिलाकर खड़ा किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी भी टांग पर चोट आई है।
पढ़ें:- देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विधानसभा कूच, पुलिस ने की पानी की बौछार, कई बड़े नेता गिरफ्तार