विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 02, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्‍तराखंड: हरीश रावत अब नहीं बन सकते मुख्यमंत्री: विजय बहुगुणा

By sunil negiEdited By:
Published: Sat, 02 Apr 2016 11:42 AM (GMT+05:30)Updated: Sat, 02 Apr 2016 11:44 AM (GMT+05:30)

पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा व हरक सिंह रावत ने निवर्तमान मुख्यमंत्री हरीश रावत को निशाने पर रखा। बहुगुणा ने कहा कि अब हरीश रावत दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे।

News Article Hero Image

देहरादून। प्रदेश की सियासत में भूचाल लाने वाले कांग्रेस के नौ बागी विधायक अपने समर्थकों संग अब आने वाली चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर लगातार मंथन कर रहे हैं। दो दिन तक देहरादून में रुकने के बाद नौ में से छह विधायक फिर से दिल्ली पहुंच चुके हैं।

इन विधायकों ने साफ किया है कि अभी उन्होंने सभी विकल्प खुले रखे हैं। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा व हरक सिंह रावत ने निवर्तमान मुख्यमंत्री हरीश रावत को निशाने पर रखा। बहुगुणा ने कहा कि अब हरीश रावत दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। वहीं, हरक सिंह रावत ने कहा कि निवर्तमान मुख्यमंत्री केवल घोषणाओं व बैठक तक सीमित रहे, जिससे प्रदेश का विकास अवरुद्ध हो रहा था।

शुक्रवार को यमुना कालोनी में पूर्व काबीना मंत्री हरक सिंह रावत के आवास पर कांग्रेस के बागी विधायकों की बैठक हुई। हालांकि, कहा यह गया कि यहां केवल नाश्ते का आयोजन किया गया है। इस दौरान सभी विधायक तकरीबन एक घंटे तक आवास के भीतर ही रहे।

पूर्व काबीना मंत्री हरक सिंह रावत ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में पूरे प्रकरण को प्रदेश सरकार की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि विनियोग विधेयक पर सरकार का विरोध करने के कारण पहले ही उनका निष्कासन तय हो चुका था। सरकार की मंशा यह थी कि राज्यपाल की ओर से बहुमत सिद्ध करने से ऐन पहले उनकी सदस्यता बर्खास्त कर सदन में बहुमत हासिल किया जा सके। राष्ट्रपति शासन लागू होने के कारण उनकी यह मंशा पूरी नहीं हो पाई।

एक सवाल के जवाब में हरक सिंह ने कहा कि उनके क्षेत्रों में न्याय पद यात्रा की बात की जा रही है। वे अपने सहयोगियों संग पूरे प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ राजनीतिक अंतिम यात्रा निकालेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निरंकुश हो गए थे। उनकी सोच संकुचित है। स्थिति यह थी कि केवल एक क्षेत्र पर फोकस कर सारी योजनाएं बनाई जाती रहीं।

आलम यह है कि स्वास्थ्य मंत्री तक अपने विधानसभा क्षेत्र में एक फिजिशियन भी नहीं रख पा रहे थे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि हरीश भाई ने मुझे विभीषण की संज्ञा दी है, इस लिहाज से तो वे रावण हो गए। उन्होंने कहा कि निर्वतमान सरकार में अधिकांश मंत्री भी मुख्यमंत्री की कार्यशैली से क्षुब्ध थे। अंतर यह रहा कि उन्होंने मुंह खोला व अन्य ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा हाईकोर्ट से खुद उन्होंने सुनवाई की तिथि आगे बढ़ाने का समय मांगा था।

किशोर नहीं हो पाएंगे परिपक्व: सुबोध
विधायक सुबोध उनियाल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उनियाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस व्यक्ति को उसकी विधानसभा के लोग ही नहीं चुनते, वे दूसरों की विधानसभा में न्याय यात्रा की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि किशोर के बयान उनके नाम की तरह ही हैं। वे कभी परिपक्व नहीं हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी साथी विधायक मिल बैठ कर आगे की रणनीति पर मंथन कर रहे हैं।
पढ़ें:-उत्तराखंडः सत्ता की लड़ाई सदन, कोर्ट और जनता की अदालत में

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।