यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बकरी के घास खाने की सजा बच्चे को, लटका दिया फांसी पर
क्षेत्र में बकरी के घास खाने की सजा एक 12 साल के बच्चे को देने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बच्चे को फंदे से लटका दिया था, लेकिन तभी बच्चे की मां घर आ गई।

रामनगर, [जेएनएन]: बकरी ने पड़ोसी की घास क्या खा ली, इस पर पड़ोसी आग बबूला हो गया। उसने पहले बकरी को मार मार कर अधमरा कर दिया, फिर 12 साल के बच्चे को फंदे से लटका दिया। लेकिन तभी बच्चे की मां घर आ गई।
जनपद अल्मोड़ा के सल्ट ब्लॉक के ग्राम जक्खल पोस्ट ऑफिस जामनी निवासी चिमली देवी की बकरी ने गांव में किसी के घर के बाहर रखी घास को खा लिया। इससे नाराज गांव के ही दो लोग ने बकरी को मार मार कर अधमरा कर दिया था। चिमली देवी ने उनके घर जाकर बकरी को मारने पर नाराजगी जताई। इस बीच उनमें काफी कहासुनी हो गई।
इसके बाद चिमली देवी घर आकर पानी लेने चली गई। घर में उसका 12 वर्षीय बेटा नरोत्तम पुत्र स्वर्गीय गुणाराम अकेला था। आरोप है कि बकरी को मारने पर विरोध जताने से नाराज दोनों लोग उसके घर आए। यहां नरोत्तम के गले में फंदा डाल उसे फांसी पर लटका दिया।
इसी बीच बच्चे की मां चिमली देवी घर आ गई। इस दोनों आरोपी वहां से भाग गए। चिमली देवी ने बच्चे के गले से फांसी का फंदा निकाला। गांव के प्रधान की मदद से बच्चे को सल्ट देवालय में स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे रामनगर चिकित्सालय लाया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

