विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 10, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अखाड़े में बदली समीक्षा बैठक, प्रदेश अध्यक्ष के सामने उलझे कांग्रेसी

By BhanuEdited By:
Updated: Thu, 13 Apr 2017 02:30 AM (IST)

विधानसभा चुनाव में हार के कारणों की समीक्षा बैठक अखाड़े में तब्दील हो गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के सामने डीडीहाट के कांग्रेसी आपस में ही उलझ गए।

अखाड़े में बदली समीक्षा बैठक, प्रदेश अध्यक्ष के सामने उलझे कांग्रेसी
अखाड़े में बदली समीक्षा बैठक, प्रदेश अध्यक्ष के सामने उलझे कांग्रेसी

पिथौरागढ़, [जेएनएन]: विधानसभा चुनाव में हार के कारणों की समीक्षा बैठक अखाड़े में तब्दील हो गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के सामने डीडीहाट के कांग्रेसी आपस में ही उलझ गए। विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहे प्रदीप पाल और जिलाध्यक्ष पुष्पा देऊपा के बीच काफी देर तक नोक-झोंक हुई। टिकट कटने से नाराज रेवती जोशी ने भी आलाकमान को खूब खरी-खोटी सुनाई। प्रदेश अध्यक्ष उपाध्याय ने दोनों को फटकार लगाते हुए शांत कराया।

चंपावत में प्रदेश अध्यक्ष से इस्तीफे की मांग और कांग्रेस मुर्दाबाद के नारों से कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह व नाराजगी उजागर हुई थी। वहीं पिथौरागढ़ में विस चुनाव में कांग्रेस की पराजय की समीक्षा होनी थी। नगर के बाखली बारातघर में आयोजित बैठक में डीडीहाट विस के प्रत्याशी प्रदीप पाल और जिलाध्यक्ष पुष्पा देऊपा के बीच विवाद हो गया।

दोनों में नोकझोंक हुई। दोनों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। प्रत्याशी प्रदीप ने आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष समेत संगठन ने विधानसभा चुनाव में साथ नहीं दिया। इससे पार्टी की हार हुई। इसी बीच प्रत्याशी समर्थकों ने जिलाध्यक्ष से इस्तीफा मांगना शुरू कर दिया।

जिलाध्यक्ष ने प्रत्याशी के आरोपों को गलत बताया। इसी बीच 2012 में पार्टी प्रत्याशी रहीं रेवती जोशी ने टिकट कटने पर अपने मन की भड़ास निकाली। विवाद बढ़ता देखकर  प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने माइक पकड़ लिया। उन्होंने दोनों को फटकार लगाकर शांत कराया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को विस चुनाव की हार भूलते हुए संगठन को मजबूत बनाने की नसीहत दी। 

उन्होंने नोटबंदी और ईवीएम में छेड़छाड़ को प्रदेश में कांग्रेस की हार का बड़ा कारण बताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एनएसयूआइ और युवक कांग्रेस के आंतरिक चुनाव बंद कराने को कहा। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इन चुनावों के कारण धड़ेबाजी हो रही है। 

धारचूला के विधायक हरीश धामी और प्रदेश सचिव प्रदीप पाल ने कार्यकर्ताओं को आगे चुनाव की तैयारी करने को कहा। भाजपा सरकार पर पहले दिन से ही जनविरोधी कदम उठाने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें: प्रदेश सरकार कर रही शराब माफिया का समर्थन: किशोर उपाध्‍याय

यह भी पढ़ें: भाई-भाई मिल बैठेंगे, तो हो जाएगा बंटवारा

यह भी पढ़ें: बोले हरीश रावत, हमने पुरानी सरकारों के फैसले नहीं पलटे