अररिया में इंडो-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: 50 लाख का 240 KG गांजा जब्त, SSB और पुलिस को देख भागे तस्कर
कुआड़ी पुलिस और एसएसबी ने इंडो-नेपाल सीमा पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए 240 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है। ...और पढ़ें

भारत-नेपाल सीमा पर 240 किलो गांजा जब्त
HighLights
कुआड़ी पुलिस, एसएसबी ने 240 किलो गांजा जब्त किया।
भारत-नेपाल सीमा पर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागे।
जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय कीमत 50 लाख रुपये है।
संवाद सूत्र, सिकटी (अररिया)। सोमवार की सुबह कुआड़ी पुलिस तथा एसएसबी कुआड़ी की संयुक्त कार्रवाई में इंडो-नेपाल सीमा पर प्लास्टिक की आठ बोरी में कुल 240 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी का वजन 30 किलोग्राम पाया गया, जबकि तस्कर नेपाल की तरफ भाग निकला।
सूत्रों की मानें तो जब्त गांजा मारिजुआना किस्म की बताई जा रही है। कुआड़ी थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई सूचना के आधार पर की गई है। सूचना मिली कि इंडो-नेपाल सीमा के स्तंभ संख्या 167 से गांजा की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के तत्पश्चात इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई।
एसएसबी कुआड़ी व कुआड़ी पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई। कुआड़ी थानाध्यक्ष राजू कुमार तथा एसएसबी के एसआई सत्येंद्र के संयुक्त नेतृत्व में अन्य जवानों को शामिल किया गया।
जब टीम कटफर गांव के भलुआ नदी के समीप पटुआ के खेत के पास पहुंची तो कुछ लोग नेपाल की तरफ से सिर पर बोरी लिए भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुए, पुलिस पर नजर पड़ते हीं सभी बोरी को भारतीय क्षेत्र में पटुआ के खेत में फेंक भागने लगा।
हालांकि पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन सभी अंधेरे तथा भौगोलिक क्षेत्र का फायदा उठाकर नेपाल की तरफ भाग निकला। यह कार्रवाई भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय स्तंभ संख्या 167 से लगभग एक किमी अंदर भारतीय क्षेत्र में हुई है।
बताया जा रहा है कि गांजा की डिलेवरी नेपाल के तस्कर से प्राप्त हुआ था। सीमाई क्षेत्रों में डोज के आधार पर इसकी बिक्री की जाती है। जब्त गांजा का अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 लाख रुपए आंकी जा रही है।
खबरें और भी
इधर, मामले में कुआड़ी थानाध्यक्ष राजू कुमार के स्वलिखित आवेदन पर कुआड़ी एनडीपीएस एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। वहीं, एसएसबी ने बरामद गांजा की जब्ती सूची बनाकर कुआड़ी थाना को सौंप दिया।
पूर्व में पकड़ में आ चुकी है गांजा की खेप
विगत 14 मई 26 को सिकटी पुलिस तथा एसएसबी 52वीं वाहिनी की डी कंपनी लेटी के संयुक्त प्रयास से इंडो-नेपाल सीमा पर प्लास्टिक की 21 बोरी में कुल 630 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था। इसमें एक तस्कर भी पकड़ाया था।
इस कार्रवाई के दस दिनों बाद एसएसबी 52वीं वाहिनी सी कंपनी लेलोखर तथा कुआड़ी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इंडो-नेपाल सीमा के स्तंभ संख्या 169 के समीप तस्करी का 115 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था।
वहीं, गत चार जुलाई को कुआड़ी पुलिस तथा एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में 23 किलोग्राम गांजा जब्त हुआ था। यहां भी गांजा तस्कर सुरक्षा बलों को चकमा देकर भागने सफल रहा था।