विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया में परमान नदी पर बनेगा डाल्फिन व्यू प्वाइंट, गंगा समिति ने दिए कई अहम निर्देश

Published: Sun, 30 Aug 2026 01:14 PM (IST)

अररिया में जिला गंगा समिति की बैठक में परमान नदी पर डाल्फिन व्यू प्वाइंट और इको टूरिज्म प्लेस बनाने का ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. परमान नदी पर डाल्फिन व्यू प्वाइंट, इको टूरिज्म प्लेस बनेगा।

  2. नदियों में ठोस कचरा रोकने, प्लास्टिक पर प्रतिबंध के निर्देश।

  3. जल गुणवत्ता की नियमित जांच, नदी सफाई पर जोर दिया गया।

जागरण संवाददाता, अररिया। जिला गंगा समिति की बैठक शनिवार को डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जन जागरूकता, नदी में ठोस कचरा जाने से रोकने, नदियों की सफाई, पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन, नदी तटीय क्षेत्र के विकास, नदियों के चिह्नितीकरण एवं विकास तथा जल गुणवत्ता की नियमित जांच से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

नदियों के पर्यावरणीय प्रदूषण की रोकथाम, नियंत्रण, नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत उपशमन एवं जल का सतत एवं पर्याप्त प्रवाह सुनिश्चित करने के साथ-साथ नदियों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में डीएम द्वारा एकल उपयोग प्लास्टिक की बिक्री पर रोक लगाने एवं थोक विक्रेताओं को चिन्हित कर दंडित करने तथा इस संबंध में लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए। साथ ही इसकी सूचना मासिक रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

एकल उपयोग प्लास्टिक थैला एवं अन्य सामग्री के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ नदियों में ठोस कचरा बहाने पर रोक लगाने को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए।

नदी किनारे स्थित तटवर्ती क्षेत्रों में प्लास्टिक थैला एवं अन्य प्लास्टिक सामग्री के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। नदी किनारे वाले इलाकों में बड़े-बड़े बैनर-पोस्टर लगाने तथा सरकारी दीवारों पर वाल पेंटिंग कराने का भी निर्देश दिया गया।

डीएम ने नदियों की सफाई के संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद जोगबनी को सहायक अभियंता के माध्यम से जाल से संबंधित प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया, ताकि नदी से कचरा एवं अन्य अपशिष्ट हटाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

सभी ईओ नगर परिषद एवं पंचायत क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन नियमावली में निर्धारित प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से अनुपालन करने का निर्देश दिया।

बैठक में परमान नदी के मीरगंज एवं त्रिशूलिया घाट में डाल्फिन व्यू प्वाइंट एवं इको टूरिज्म प्लेस के निर्माण के उद्देश्य से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने हेतु राष्ट्रीय गंगा समिति को सूचित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश वन प्रमंडल अररिया को दिया गया।

नदियों के चिह्नितीकरण एवं विकास को लेकर डीएम ने सीओ अररिया एवं फारबिसगंज को निर्देश दिया कि कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल अररिया द्वारा प्रस्तावित जमीन से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में नदियों के पानी की गुणवत्ता को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिये गए। नदियों के जल की गुणवत्ता की जांच प्रत्येक माह कराने तथा जांच से संबंधित प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में सभी संबंधित कार्यपालक अभियंता जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद एवं पंचायत सहित संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- गंगा, कांवर झील, फल्गु और ककोलत समेत 70 स्‍थलों पर होंगे वाटर टूरिज्म के हब, 10 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार