बाढ़ के पानी से पकड़ी गई अज्ञात मछली का न करें सेवन, अररिया जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
नेपाल में बाढ़ के बाद बिहार के कुछ इलाकों में अज्ञात मछलियां मिलने पर अररिया प्रशासन ने अलर्ट जारी किया ...और पढ़ें

बाढ़ के पानी से पकड़ी गई अज्ञात मछली का न करें सेवन (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
नेपाल बाढ़ के बाद बिहार में मिलीं अज्ञात मछलियां।
अररिया प्रशासन ने अज्ञात मछलियों के सेवन से बचने को कहा।
स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
संवाद सूत्र, अररिया। नेपाल में आई बाढ़ के बाद बिहार के कुछ इलाकों में बाढ़ के पानी के साथ अज्ञात और असामान्य प्रकार की मछलियों के पहुंचने की सूचना मिली है। इसे लेकर मत्स्य निदेशालय, बिहार सरकार ने लोगों के लिए सावधानी बरतने की एडवाइजरी जारी की है। जिला प्रशासन अररिया ने भी जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन के अनुसार बाढ़ के दौरान तालाब, नदी, झील और अन्य जलाशयों से मछलियां निकलकर पानी के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों तक पहुंच सकती हैं। इनमें कुछ ऐसी मछलियां भी हो सकती हैं, जिनकी पहचान सामान्य मछलियों से अलग हो।
बाढ़ का पानी गंदगी, मृत जानवरों और अन्य दूषित पदार्थों के संपर्क में रहता है। ऐसे में बाढ़ के पानी से पकड़ी गई अज्ञात या असामान्य मछलियों के सेवन से संक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का खतरा हो सकता है।
अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील
लोगों से अपील की गई है कि बिना पहचान और विभागीय पुष्टि के किसी भी अपरिचित मछली का सेवन न करें। ऐसी मछलियों को खरीदने-बेचने या खाद्य उपयोग में लाने से भी बचें। यदि ऐसी मछली खाने के बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर, सांस लेने में परेशानी या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है।
संदिग्ध मछली मिलने पर इसकी सूचना जिला मत्स्य पदाधिकारी अररिया या स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में संबंधित विभाग से जानकारी लेने की अपील की है।
