अररिया में नहर में बाइक गिरने से दो युवकों की मौत, एक गंभीर
अररिया के रानीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक बाइक नहर में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

नहर में बाइक गिरने से दो युवकों की मौत
HighLights
रानीगंज में नहर में बाइक गिरने से हादसा।
दो युवकों की मौके पर ही मौत, एक घायल।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
संवाद सूत्र, रानीगंज (अररिया)। रानीगंज थाना क्षेत्र के खरसाई पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित राजा घाट साइफन के पास मंगलवार की रात सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक बाइक पर सवार तीन युवक मेहमानी के लिए खरसाई जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, भरगामा थाना क्षेत्र के जयनगर निवासी अनिल ऋषिदेव (32), मौजहा निवासी राजेश ऋषिदेव (40) और जयनगर निवासी गुलाबचंद ऋषिदेव मंगलवार शाम मौजहा निवासी राजेश ऋषिदेव के घर मेहमानी में आए थे।
रात करीब 10 बजे तीनों एक ही बाइक से किसी रिश्तेदार के घर खरसाई जा रहे थे। इसी दौरान राजा घाट साइफन के पास बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
दो की मौके पर ही मौत
रात का समय होने के कारण दुर्घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं हो सकी। बुधवार सुबह शौच के लिए नहर की ओर गए ग्रामीणों ने तीनों युवकों को नहर में गिरा देखा। जयनगर निवासी अनिल ऋषिदेव और मौजहा निवासी राजेश ऋषिदेव की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि जयनगर निवासी गुलाबचंद ऋषिदेव की सांस चल रही थी।
ग्रामीणों ने घायल गुलाबचंद को रेफरल अस्पताल रानीगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया। उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर रानीगंज थाना के दरोगा प्रेम रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
