अररिया पुलिस का सुपरफास्ट एक्शन: 24 घंटे में बरामद की छीनी गई सोने की चेन, फौजी की पत्नी के चेहरे पर लौटी मुस्कान
फारबिसगंज पुलिस ने एक सैनिक की पत्नी से दिनदहाड़े छीनी गई सोने की चेन 24 घंटे के भीतर बरामद कर पीड़िता को लौटा दी। इस त्वरित कार्रवाई से पीड़िता कंचन ...और पढ़ें

लूटी गई सोने का चेन वापस मिलते ही खुशी से खिल उठा सैनिक की पत्नी का चेहरा
HighLights
फारबिसगंज पुलिस ने 24 घंटे में छीनी चेन बरामद की।
सैनिक की पत्नी कंचन सिंह को वापस मिली सोने की चेन।
तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी से पुलिस को मिली सफलता।
पुरुषोत्तम भगत, फारबिसगंज (अररिया)। कहते हैं कि एक महिला को अपने आभूषणों से बहुत ही गहरा लगाव होता है, क्योंकि आभूषण केवल साज-सज्जा की वस्तु न होकर महिलाओं के लिए उनके आत्मविश्वास, भावनाओं एवं पारिवारिक विरासत का प्रतीक भी माने जाते हैं।
अगर किसी महिला का छीना गया आभूषण एक दिन बाद ही पुलिस बरामद करके उसे सुपुर्द कर दे, तो उसके लिए यह पल जीवन में कभी न भूलने वाला हो सकता है। ऐसा ही एक मामला गुरुवार को फारबिसगंज थाना परिसर में देखने को मिला।
विगत मंगलवार, 21 जुलाई की दोपहर दिनदहाड़े धर्मशाला चौक पर एक सैनिक की पत्नी के गले से छीनी गई सोने की चेन को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर पीड़ित महिला को लौटा दिया। लूटी गई सोने की चेन वापस मिलते ही पीड़ित महिला का चेहरा खुशी से खिल उठा और उनकी मुस्कुराहट लौट आई।
गुरुवार को एसडीपीओ राजकिशोर कुमार व थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बरामद सोने की चेन पीड़िता कंचन सिंह को उनके पिता मुन्ना सिंह, देवर शेखर कुमार सिंह सहित अन्य परिजनों की मौजूदगी में विधिवत रूप से सौंप दी।
वहीं, सोने की चेन वापस मिलने पर पीड़िता कंचन सिंह ने फारबिसगंज पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि घटना के तुरंत बाद जिस तेजी से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, उसी समय उन्हें विश्वास हो गया था कि पुलिस उनकी चेन जरूर बरामद कर लेगी।
खबरें और भी
उन्होंने बताया कि उनके पति जयप्रकाश सिंह भारतीय सेना में हैं, जो इन दिनों जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। उनका मायका भी फारबिसगंज के मझुआ गांव में ही है। वे बच्चों की पढ़ाई के लिए फारबिसगंज के गोढियारे चौक के समीप किराए के मकान में रहती हैं।
घटना के बाद वह काफी परेशान थीं, लेकिन पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर तकनीकी अनुसंधान के जरिए उनकी सोने की चेन बरामद कर उन्हें वापस सौंप दी।
महिला ने भावुक होते हुए कहा, "आज मेरा पुलिस प्रशासन पर विश्वास और भी ज्यादा मजबूत हुआ है। मैं फारबिसगंज पुलिस की तत्परता और मेहनत के लिए उन्हें दिल से धन्यवाद देती हूं।"
इधर, पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई एवं सोने की चेन की बरामदगी की शहर में भी चहुंओर प्रशंसा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी की निगरानी और पुलिस की सक्रियता से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।
एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने कहा कि इस तरह के मामलों के त्वरित उद्भेदन में शहर का सीसीटीवी नेटवर्क काफी उपयोगी साबित हो रहा है। इसके लिए उन्होंने फारबिसगंज नगर परिषद की भी सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।