अररिया में जागरण देखकर लौट रहे युवक को मारी गोली, इंडो-नेपाल सीमा पर आपसी विवाद में सनसनी
अररिया के फुलकाहा में जागरण से लौट रहे एक युवक को इंडो-नेपाल सीमा सड़क पर आपसी कहासुनी के बाद गोली मार दी गई।

इंडो-नेपाल सीमा पर आपसी विवाद में सनसनी
HighLights
अररिया में जागरण से लौट रहे युवक को गोली मारी गई।
इंडो-नेपाल सीमा सड़क पर आपसी कहासुनी के बाद घटना।
घायल युवक की हालत गंभीर, पुलिस आरोपियों की तलाश में।
संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर स्थित कष्टहारक महादेव मंदिर में शुक्रवार की रात भक्ति जागरण देखकर लौटने के दौरान इंडो नेपाल सीमा सड़क पर आपसी कहासुनी में शनिवार की सुबह करीब चार बजे एक युवक को सिर में गोली मार दी गई। युवक खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने फुलकाहा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस एवं आसपास के ग्रामीण के सहयोग से उसे फारबिसगंज स्थित अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस मौके पर पहुंच कर रही कैंप
घायल युवक को पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घायल युवक फुलकाहा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर वार्ड 14 निवासी 38 वर्षीय मुन्ना यादव पुत्र चंदेश्वरी यादव है।
घटना के बाद रानीगंज इंस्पेक्टर सतीश कुमार फुलकाहा पुलिस एवं बसमतिया, घूरना थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर कैंप कर रही है। हालांकि सभी आरोपित घर से फरार बताया जा रहा है।
पुलिस गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है। मौके से पुलिस ने घटना स्थल से एक कारतूस व एक खोखा बरामद किया है।
