विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में कोसी चतरा पुल खुला, बराहक्षेत्र धाम का प्रवेश द्वार बंद; भूस्खलन से बढ़ा खतरा

Published: Mon, 31 Aug 2026 09:21 PM (IST)

नेपाल में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण प्रसिद्ध बराहक्षेत्र धाम का प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया है, जिससे ...और पढ़ें

नेपाल में कोसी चतरा पुल खुला, बराहक्षेत्र धाम का प्रवेश द्वार बंद; भूस्खलन से बढ़ा खतरा

नेपाल में कोसी चतरा पुल खुला, बराहक्षेत्र धाम का प्रवेश द्वार बंद; भूस्खलन से बढ़ा खतरा

HighLights

  1. भूस्खलन के कारण बराहक्षेत्र धाम का प्रवेश द्वार बंद।

  2. श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए रोक लगाई गई।

  3. कोसी चतरा पुल सुनसरी और उदयपुर के लिए खुला।

संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। नेपाल में लगातार बारिश और पहिरो (भूस्खलन) की स्थिति को देखते हुए नेपाल के सुनसरी और उदयपुर जिले को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कोसी चतरा पुल फिलहाल खुला हुआ है। पुल के रास्ते दोनों जिलों के बीच वाहनों और लोगों का आवागमन जारी है।

हालांकि, प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटकीय स्थल बराहक्षेत्र धाम की ओर जाने वाले मार्ग पर भूस्खलन के कारण सड़क अवरुद्ध हो जाने से धाम के मुख्य प्रवेश द्वार को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने तत्काल प्रभाव से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।

जानकारी के अनुसार, बराहक्षेत्र धाम क्षेत्र में भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग प्रभावित हुआ है। पहाड़ी क्षेत्र से मिट्टी और मलबा सड़क पर आने के कारण आवागमन में परेशानी उत्पन्न हुई है।

सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए पुलिस ने किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए धाम का प्रवेश द्वार बंद करने का निर्णय लिया।

प्रशासन का मानना है कि भूस्खलन प्रभावित मार्ग पर लोगों की आवाजाही जारी रहने से दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। बराहक्षेत्र धाम नेपाल के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और यहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

विशेष अवसरों और धार्मिक पर्वों के दौरान धाम में श्रद्धालुओं की संख्या और भी बढ़ जाती है। ऐसे में प्रवेश द्वार बंद किए जाने के कारण धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को फिलहाल परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे स्थिति सामान्य होने तक धाम की ओर जाने का प्रयास न करें।

कोसी नदी क्षेत्र पर भी प्रशासन की नजर

इधर, कोसी चतरा पुल के खुले रहने से सुनसरी और उदयपुर के बीच आवागमन फिलहाल सामान्य बना हुआ है। हालांकि, बारिश और नदी क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए प्रशासन लगातार हालात पर नजर रख रहा है। कोसी नदी के आसपास रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रशासन द्वारा संभावित खतरे वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की जा रही है। स्थानीय स्तर पर भी लोगों में भूस्खलन और लगातार बदल रहे मौसम को लेकर चिंता बनी हुई है।

सुरक्षा को लेकर पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता

नेपाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल बराहक्षेत्र धाम का प्रवेश द्वार लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बंद किया गया है। पुलिसकर्मियों को प्रवेश मार्ग पर तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालु और पर्यटक जोखिम वाले क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकें।

पुलिस की ओर से लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं का पालन करने की अपील की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन के कारण अवरुद्ध सड़क मार्ग की स्थिति का जायजा लेने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। यदि सड़क मार्ग सुरक्षित पाया जाता है और भूस्खलन का खतरा कम होता है, तो बराहक्षेत्र धाम का प्रवेश द्वार खोलने पर विचार किया जाएगा।