भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: 29000 से अधिक नशीली गोलियों के साथ तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली से जुड़े तार
सिकटी पुलिस ने सघन वाहन जांच के दौरान भारत-नेपाल सीमा के पास 29200 नशीली दवाएं जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया।
-1788608329086_m.webp)
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (जागरण)
HighLights
सिकटी पुलिस ने 29,200 नशीली दवाएं जब्त कीं।
भारत-नेपाल सीमा पर एक तस्कर गिरफ्तार किया गया।
नशीले कारोबार के तार राजधानी दिल्ली से जुड़े।
दीपक कुमार गुप्ता, सिकटी (अररिया)। सिकटी थाना पुलिस ने सघन वाहन जांच के दौरान भारी मात्रा में नशीली दवा जब्त करने में बड़ी सफलता पाई है।
नशे के धंधेबाज को भारत से नेपाल ले जाए जा रहे नशीली दवा के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार तस्कर ने सिकटी पुलिस के समक्ष नशीली दवाओं के कारोबार से संबंधित कई खुलासे किए हैं और बताया है कि इस कारोबार में संलिप्त कई ऐसे सफेदपोश शामिल हैं, जिससे तस्कर को सिर्फ फोन पर बात होती थी।
मामले की जानकारी देते सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर भारतीय क्षेत्र में सीमा से करीब डेढ़ किमी अंदर हुई है।
जानकारी मिली कि सिकटी थाना क्षेत्र के मुरारीपुर वार्ड संख्या एक के रास्ते नशीले दवा की बड़ी खेप नेपाल भेजी जा रही है। सूचना के सत्यापन को लेकर सिकटी पुलिस व एसएसबी की एक स्पेशल टीम उक्त स्थल पर तैनात कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
उसी क्रम एक बाइक पर दो व्यक्ति सवार भारतीय क्षेत्र से आता हुआ दिखा। पुलिस पर नजर पड़ते ही पीछे बैठा व्यक्ति भौगोलिक क्षेत्र का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जबकि बाइक चालक पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पूछताछ के क्रम में बाइक चालक ने पुलिस को संतोषप्रद उत्तर नहीं दे सका। शंका के आधार पर बाइक पर बंधी पीले रंग की बोरी की विधिवत तलाशी में भारी मात्रा में नशीली दवा बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
तस्कर के पास मौजूद मोबाइल व तस्करी में प्रयुक्त बाइक जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 19 वी 1165 को भी पुलिस ने जब्त करते हुए अंडर कस्टडी ले ली।
29 हजार 200 पीस नशीली दवा बरामद
एसएसबी के असिस्टेंट कमाडेंट अमित अहिरवार के समक्ष विधिवत तलाशी के क्रम में पीले रंग की बोरी से 14 हजार 700 पीस ट्रामाडोल की टेबलेट तथा 14 हजार 500 पीस डाईसाइकलोमिन की कैप्सूल सहित कुल 29 हजार 200 पीस नशीली दवा बरामद की गई।
गिरफ्तार तस्कर सिकटी थाना क्षेत्र के मुरारीपुर वार्ड संख्या दो निवासी 27 वर्षीय मो नसीम पिता समीरुद्दीन बताया जा रहा है। सिकटी पुलिस द्वारा पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार तस्कर नसीम ने पुलिस को बताया कि बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति सरफराज था, जो मुरारीपुर का रहने वाला है।
इधर सिकटी थाना में कांड संख्या 269/26 के तहत छह नामजद व तीन से चार अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की गई है। नामजद अभियुक्तों में सिकटी थाना क्षेत्र के मुरारीपुर निवासी नसीम तथा सरफराज, कुआड़ी थाना क्षेत्र के गरैया गांव निवासी हिफजुल, मिनहाज व उनहान तथा अररिया एडीबी चौक निवासी हजेबुल शामिल है।
राजधानी दिल्ली से जुड़े तार
जानकारी देते सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह ने नशा कारोबार का तार दिल्ली से जुड़ रहा है। गिरफ्तार तस्कर ने पुलिस के फर्द बयान में बताया कि उक्त नामजद आरोपितो द्वारा नशीली दवा दिल्ली से मंगवाई जाती है, जिसे सीमा पार कर नेपाल भेजा जाता है।
जब्त माल की डिलेवरी उसे उफरेल चौक पर दी गई। जिसे सीमा पार करने के क्रम में सिकटी पुलिस द्वारा पकड़ लिया गया। उसने पुलिस को यह भी बताया कि इस नशीले कारोबार के धंधे में कासत और गरैया के कई लोग शामिल हैं। इन लोगों से उसे फोन पर बात होती थी और माल का लोकेशन और डिलेवरी तय होती थी।
