जिस घर से उठी थी डोली, 6 महीने बाद वहीं से उठी अर्थी; अरवल में पति से विवाद के बाद महिला ने खाया जहर
अरवल में दहेज के लिए एक नवविवाहिता ममता कुमारी की कथित तौर पर जहर देकर हत्या कर दी गई। पिता ...और पढ़ें

मृतका ममता कुमारी। फोटो जागरण
HighLights
अरवल में नवविवाहिता ममता कुमारी की दहेज हत्या का आरोप।
शादी के छह माह बाद ससुराल में जहर देकर मारा गया।
पिता ने पति समेत चार पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया।
जागरण संवाददाता, अरवल। जिस बेटी को पिता ने छह महीने पहले हंसी-खुशी डोली में बैठाकर ससुराल विदा किया था, शनिवार की रात उसी बेटी की अर्थी उठानी पड़ी। अप्रैल में हाथों में मेहंदी सजाकर नए जीवन के सपने लेकर ससुराल पहुंची ममता कुमारी की जिंदगी महज छह महीने में ही खत्म हो गई।
घटना परासी थाना क्षेत्र के अमरा चौकी गांव की है। मृतका ममता कुमारी वशिष्ठ पासवान की पुत्री थी। उसकी शादी इसी साल अप्रैल में औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के घेजना गांव निवासी सुनील पासवान के पुत्र दीपक पासवान से हुई थी। पति से दहेज को लेकर विवाद के कारण पिछले तीन महीने से ममता अपने मायके में रह रही थी।
मृतका के पिता वशिष्ठ पासवान के अनुसार, शनिवार की शाम ममता के ससुराल से उसके दो देवर विदाई कराने पहुंचे थे। उन्होंने विदाई देने से मना कर दिया। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे पति दीपक भी पहुंचा और तत्काल विदाई कराने की जिद करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई।
बाद में मामला शांत होने पर सभी सोने चले गए। पिता के मुताबिक, रात करीब 11 से 12 बजे के बीच ममता अचानक कमरे से बाहर निकली और गिर पड़ी। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। पिता के अनुसार, दहेज के विवाद में पति से विवाद के बाद जहर खाने से ममता की मौत हो गई। घटना की सूचना डायल-112 को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पति दीपक पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पिता ने परासी थाने में दहेज के लिए बेटी को जहर खिलाकर मारने का आरोप लगा केस दर्ज कराया है।
परासी थानाध्यक्ष सेराज आलम ने बताया कि पिता के आवेदन पर पति और उसके भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पति को गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।