बिहार के 75 स्कूलों में मिड-डे मील में मिले कीड़े, परोसने से पहले खुल गई पोल; भूखे रह गए सैकड़ों बच्चे
बिहार के अरवल जिले के 75 स्कूलों में मिड-डे मील की सोयाबीन सब्जी में कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें
HighLights
अरवल के 75 स्कूलों में मिड-डे मील में कीड़े मिले।
सोयाबीन की सब्जी में कीड़े मिलने पर भोजन रोका गया।
सैकड़ों बच्चे भूखे रहे, शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दिए।
जागरण संवाददाता, अरवल। बिहार के अरवल जिले में मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है।
सदर प्रखंड के 75 स्कूलों में बच्चों के लिए भेजी गई सोयाबीन की सब्जी में कथित तौर पर कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। स्कूलों में खाना परोसने से पहले जांच के दौरान यह मामला सामने आया।
कीड़े दिखाई देने के बाद स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने बच्चों को भोजन परोसने से रोक दिया। इसके चलते कई बच्चों को उस दिन मिड-डे मील नहीं मिल सका। बच्चे भूखे रह गए।
मामले को लेकर उमैराबाद, अहियापुर और सकरी इब्राहिमपुर समेत कई स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने जिला मिड-डे मील प्राधिकरण को शिकायत दी है।
खाना परोसने से पहले जांच में सामने आई लापरवाही
स्कूलों में भोजन पहुंचने के बाद उसे बच्चों को परोसने से पहले जांच की जा रही थी। इसी दौरान सोयाबीन की सब्जी में कीड़े दिखाई दिए। प्रधानाध्यापकों ने तत्काल भोजन को बच्चों के बीच वितरित करने से रोक दिया।
बताया गया कि संबंधित भोजन की आपूर्ति एक एनजीओ के माध्यम से की गई थी। शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
जिला शिक्षा पदाधिकारी असगर अली ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में एनजीओ की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मिड-डे मील में कीड़े मिलने की घटना ने स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और उसकी निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल विभागीय जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि भोजन में कीड़े कैसे पहुंचे और इसमें किस स्तर पर लापरवाही हुई।
