औरंगाबाद में दर्दनाक हादसा: आधी रात भरभराकर गिरा मिट्टी का मकान, मलबे में दबा पूरा परिवार; 12 साल की बच्ची की मौत
औरंगाबाद के सिंहुड़ी गांव में आधी रात को एक पुराना मिट्टी का मकान ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के ...और पढ़ें

औरंगाबाद में घर की दीवार और छत गिरने से बच्ची की मौत, चार घायल।
HighLights
औरंगाबाद में आधी रात को मिट्टी का मकान ढहा।
हादसे में 12 वर्षीय बच्ची बबली कुमारी की मौत।
मां समेत चार अन्य परिवार सदस्य गंभीर रूप से घायल।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। ओबरा थाना क्षेत्र के सिंहुड़ी गांव में गुरुवार की मध्य रात्रि उस समय चीख-पुकार मच गई, जब पुराना मिट्टी का मकान अचानक भरभराकर ढह गया।
घर में सो रहे एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में 12 वर्षीय बबली कुमारी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां पूनम देवी समेत चार घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल नंदनी कुमारी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सोते समय अचानक गिरी दीवार और छत
कन्हाई विश्वकर्मा की पुत्री बबली कुमारी थी। बताया जाता है कि पूनम देवी अपने चार बच्चों के साथ गांव स्थित पुराने मिट्टी के मकान में सो रही थीं। रात में अचानक मकान की दीवार और छत गिर गई।
कुछ ही क्षण में पूरा कमरा मलबे में तब्दील हो गया और उसमें सो रहे पांचों दब गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए मलबा हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया।

अस्पताल पहुंचते ही बच्ची ने तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम
मलबे से निकालने के बाद घायलों को तत्काल औरंगाबाद सदर अस्पताल औरंगाबाद ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बबली को मृत घोषित कर दिया। वहीं पूनम देवी, नंदनी कुमारी, रिमी कुमारी और कुंदन कुमार का इलाज शुरू किया गया।
नंदनी की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसकी स्थिति नाजुक बताई है। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही सिंहुड़ी गांव में मातम पसर गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक ही परिवार के कई सदस्यों के घायल होने और मासूम बच्ची की मौत से ग्रामीण भी सदमे में हैं। घटना के बाद गांव में देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
