विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के औरंगाबाद में पुलिस पर हमला; जम्होर थानेदार ICU में भर्ती, SI समेत कई अन्‍य जख्‍मी

Published: Wed, 29 Jul 2026 12:59 PM (IST)

औरंगाबाद के जम्होर थाना क्षेत्र में जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसमें थानाध्यक्ष ...और पढ़ें

सदर अस्‍पताल के आईसीयू में भर्ती सूर्यवीर कुमार गुप्‍ता। जागरण

सदर अस्‍पताल के आईसीयू में भर्ती सूर्यवीर कुमार गुप्‍ता। जागरण

HighLights

  1. पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-पत्थर से किया हमला।

  2. थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता गंभीर रूप से घायल, आईसीयू में।

  3. घटना के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। जम्होर थाना क्षेत्र के बलिकरना गांव में मारपीट की घटना के बाद तनावपूर्ण स्थिति की सूचना पर मंगलवार देर शाम गांव पहुंचे पुलिस दल पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया।

हमला में थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता, दरोगा अजीत खरवार, महिला दारोगा पुष्पा कुमारी और एक महिला सिपाही घायल हो गए। इसमें थानाध्‍यक्ष की स्‍थ‍ित‍ि गंभीर बनी हुई है।  

एफआईआर के बाद जांच के लिए पहुंची थी पुलिस 

बताया जाता है कि गांव में ज्वाला पासवान और दूसरे पक्ष के मनीष कुमार राम, अर्जुन राम, भीम राम समेत अन्य लोगों के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था।

इस संबंध में ज्वाला पासवान ने सोमवार को जम्होर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस उसी मामले की जांच और कार्रवाई के लिए गांव पहुंची थी। 

भीड़ ने अचानक क‍िया हमला, थानेदार की हालत गंभीर

पुलिस के पहुंचते ही लोगों ने लाठी-डंडे और पत्‍थर से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में पुलिस अधिकारी व जवान संभल नहीं पाए। 

इसमें थानाध्‍यक्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

थानाध्यक्ष की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वरीय अधिकारी मामले पर नजर रखे हुए हैं। 

घटना के बाद पुलिस आरोपितो की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। अबतक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एसडीपीओ सुशील कुमार ने कहा कि दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। क‍िसी भी दोषी को बख्‍शा नहीं जाएगा।