उड़ीसा में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद लगी आग, बिहार के दो युवकों की मौत
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में नवीनगर, औरंगाबाद के दो युवकों चंदन यादव और मंटू यादव ...और पढ़ें

ट्रक में साथ काम करते थे चंदन और मंटू
HighLights
ओडिशा में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर।
नवीनगर, औरंगाबाद के दो युवकों की मौत।
हादसे के बाद दोनों ट्रकों में लगी आग।
पंचायत सूत्र, टंडवा/नवीनगर (औरंगाबाद)। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में दारलीपारी के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में नवीनगर क्षेत्र के दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान टंडवा थाना क्षेत्र की मुंगिया पंचायत के गिरधर बिगहा गांव निवासी जितेंद्र यादव के पुत्र चंदन यादव और बुधन बेला बिगहा गांव निवासी सुरेश यादव के पुत्र मंटू यादव के रूप में हुई है।
हादसे की खबर दोनों गांवों में पहुंचते ही मातम पसर गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं।
ट्रक में साथ काम करते थे चंदन और मंटू
मिली जानकारी के अनुसार, चंदन यादव ओडिशा में ट्रक चालक के रूप में काम करते थे। मंटू यादव भी उसी ट्रक पर काम करते थे और घटना के समय चंदन के साथ जा रहे थे।
शनिवार को दारलीपारी के पास दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई। हादसे में चंदन और मंटू की मौके पर ही मौत हो गई।
चंदन अपने भाइयों में थे सबसे बड़े
गिरधर बिगहा निवासी चंदन यादव अपने भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
मंटू अपने माता-पिता के थे इकलौते बेटे
बुधन बेला बिगहा गांव निवासी मंटू यादव अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनकी मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है। बेटे को खोने के बाद माता-पिता का बुरा हाल है। परिवार के बुढ़ापे के सहारे के चले जाने से गांव में भी शोक की लहर है।
ग्रामीणों ने जताई संवेदना
इस दुखद घटना पर अरविंद पासवान, संतोष यादव, रोहित यादव, इंजीनियर सुनील यादव, दीपक यादव, गोरख यादव, यमुना यादव, लालदेव यादव, बिंदा यादव, रामस्वरूप यादव, विकास यादव और लवकुश यादव समेत अन्य लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
सभी ने शोकाकुल परिवारों के प्रति सहानुभूति जताते हुए उन्हें इस कठिन समय में धैर्य और संबल मिलने की प्रार्थना की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।