भखरुआं जुड़ते ही दाउदनगर बनेगा 75 हजार आबादी वाला शहर; बदल जाएगी क्षेत्र की तस्वीर
दाउदनगर नगर परिषद में भखरुआं क्षेत्र के विलय की प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है। इस विस्तार से दाउदनगर की आबादी लगभग 9,000 बढ़कर 75,000 हो जाएगी, जो शहर ...और पढ़ें

नगर विकास एवं आवास विभाग ने दी स्वीकृति। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
भखरुआं क्षेत्र दाउदनगर नगर परिषद का हिस्सा बनेगा।
शहर की आबादी बढ़कर लगभग 75 हजार हो जाएगी।
विस्तार प्रक्रिया पूरी, कोई दावा-आपत्ति नहीं मिली।
उपेंद्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद)। 10 फरवरी 1885 को दाउदनगर कस्बे से शहर बना था। उसी दिन इसे नगरपालिका का दर्जा मिला था।
अब 141 वर्ष पूरे हो चुके हैं और बदलते समय के साथ शहरी क्षेत्र का विस्तार आवश्यक हो गया है। नगर परिषद के वर्तमान स्वरूप में भखरुआं क्षेत्र के एक हिस्से को जोड़ना अब तय हो गया है।
इससे दाउदनगर का दायरा बढ़ेगा और जनसंख्या में लगभग 18 प्रतिशत की वृद्धि होगी। नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना द्वारा चार अक्टूबर 2025 को क्षेत्र विस्तार से संबंधित अधिसूचना जारी की गई थी।
इसके बाद दावा-आपत्ति के लिए निर्धारित समय सीमा रखी गई, लेकिन इस अवधि में एक भी दावा या आपत्ति प्राप्त नहीं हुई। इसके उपरांत नगर परिषद दाउदनगर ने चार जनवरी 2026 को इस संबंध में जिला पदाधिकारी को पत्र भेजा।
इसी पत्र के आलोक में 21 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी ने परियोजना पदाधिकारी सह अपर निदेशक, नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना को पत्र प्रेषित किया।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर परिषद दाउदनगर द्वारा सार्वजनिक स्थलों और सरकारी कार्यालयों में अधिसूचना चस्पा की गई थी।
साथ ही डुगडुगी बजाकर एवं अन्य प्रचार-प्रसार माध्यमों से क्षेत्र विस्तार की उद्घोषणा कराई गई, इसके बावजूद कोई दावा-आपत्ति प्राप्त नहीं हुई।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी ने बताया कि क्षेत्र विस्तार को लेकर अब किसी तरह का अवरोध नहीं रह गया है और प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
भखरुआं की करीब नौ हजार आबादी होगी शहरी
भखरुआं तरारी पंचायत का हिस्सा है, जिसमें थाना नंबर-75 क्षेत्र, तिवारी मोहल्ला, कुर्बान बिगहा और बाबाजी का बागीचा शामिल हैं।
वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार पूरे इलाके की कुल आबादी 16,460 है। कार्यपालक पदाधिकारी के अनुसार, भखरुआं के इस हिस्से की लगभग नौ हजार आबादी नगर परिषद क्षेत्र में शामिल की जाएगी।
75 हजार के करीब होगी शहर की आबादी
बिहार जाति आधारित गणना 2022 (प्रथम चरण) के आंकड़ों के अनुसार दाउदनगर शहर की आबादी 65,543 है। वर्ष 2011 की जनगणना में यह संख्या 52,364 थी।
अब भखरुआं क्षेत्र की लगभग नौ हजार आबादी जुड़ने के बाद नगर परिषद दाउदनगर की कुल जनसंख्या करीब 75 हजार हो जाएगी।
पहले असफल रही थी विस्तार की कोशिश
दाउदनगर के शहरी क्षेत्र के विस्तार की यह पहली कोशिश सफल मानी जा रही है। इससे पहले वर्ष 1972 से 1977 के बीच तत्कालीन नगरपालिका अध्यक्ष यमुना प्रसाद स्वर्णकार ने भखरुआं को नगर पालिका में शामिल करने का प्रयास किया था।
हालांकि कुछ लोगों ने पटना उच्च न्यायालय का रुख किया। इसके बाद एक रणनीति के तहत राष्ट्रीय इंटर स्कूल में बनाए गए नए मतदान केंद्र पर किसी ने मतदान नहीं किया, जिसके चलते उस समय भखरुआं नगर पालिका का हिस्सा नहीं बन सका।