यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rohini Yadav: काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी लालू की बेटी रोहिणी? दैनिक जागरण के सवाल पर दिया ये जवाब
लालू यादव की बेटी रोहिणी यादव उर्फ रोहिणी आचार्य काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। दैनिक जागरण ने जब चुनाव लड़ने का सवाल पूछा तो उन्होंने कहा ...और पढ़ें

HighLights
- ससुर राव रणविजय सिंह की पुण्यतिथि पर रोहिणी पहुंचीं गांव
- दाउदनगर प्रखंड के हिच्छन बिगहा में है उनका ससुराल
- दैनिक जागरण के सवाल पर बोली : अभी तक मां-बाप की सुनती हूं
संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद)। Rohini Yadav Karakat Lok Sabha Seat 2024 में लोकसभा चुनाव होना है। तमाम राजनीतिक दल गोटियां और गठबंधन सेट करने में लगे हैं। ऐसे में प्रश्न यह है कि काराकाट लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन का प्रत्याशी कौन होगा? लोग यह मानकर चल रहे हैं कि जदयू के खाते में यह सीट है और महाबली सिंह सांसद हैं तो टिकट उन्हीं को मिलेगा, लेकिन एक बड़ा तबका ऐसा भी है जो रोहिणी आचार्य (Rohini Yadav) को राजनीति में सक्रिय देखना चाहता है।
गुरुवार को वे दाउदनगर प्रखंड के हिच्छन बिगहा में अपने ससुर स्वर्गीय राव रणविजय सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर पहुंची थीं। उनके साथ उनकी सास और पति समरेश सिंह थे। अरवल के पूर्व विधायक रविंद्र सिंह एवं अन्य कई लोग साथ रहे। इसमें कुछ लोगों ने उनसे पूछा कि क्या वे लोकसभा का चुनाव काराकाट लोकसभा क्षेत्र से लड़ेंगी। हालांकि पहले तो उन्होंने यह कहा कि मुझे राजनीति में नहीं आना है। चुनाव नहीं लड़ना है, लेकिन जब बात निकली तो दूर तक गई।
दैनिक जागरण के सवाल क्या बोलीं रोहिणी?
दैनिक जागरण ने उनसे पूछा कि आप सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं और राजनीतिक घटनाक्रमों पर तत्काल प्रतिक्रिया व्यक्त करती हैं। इस पर उन्होंने कहा कि वह ऐसा करती हैं। वह अपने विचार साझा करती हैं। काराकाट लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के सवाल पर पहले तो ना कहा, लेकिन जब यह कहा गया कि यदि आप काराकाट की सांसद रहेंगी तो इस इलाके का विकास तेज गति से होगा। इस पर कहा कि अभी तक तो वह अपने मां और पिताजी की सुन रही हैं। जनता कहेगी तो उनकी भी सुन सकती हैं। फिलहाल वे जमीन पर कोई ऐसा काम नहीं कर रही हैं तो टिकट कैसे मिलेगा। जनता के बीच रहेंगी तब न टिकट मिलेगा।

हिच्छन बिगहा स्थित अपने आवास पर रोहिणी आचार्या के साथ पूर्व विधायक रवींद्र सिंह। फोटो- जागरण
यहां उपस्थित अरवल के पूर्व विधायक रविंद्र सिंह ने कहा कि आपको कौन नहीं जानता। सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। फील्ड बना हुआ है। आपको टिकट मांगने की जरूरत नहीं है। तब रोहिणी आचार्या ने कहा कि हवा-हवाई वाला कोई काम नहीं। तमाम बातचीत के क्रम में उन्होंने यह जरूर कहा कि जनता बोलेगी तो जरूर सुनेंगी।
खबरें और भी
पिता को दी थी किडनी
पांच दिसंबर 2022 को रोहिणी आचार्य पिता लालू प्रसाद यादव को सिंगापुर में किडनी देकर सुर्खियों में आई थी। रोहिणी सिंगापुर में रहती हैं। उनके पति समरेश सिंह बैंक की नौकरी करते हैं।
21 वर्ष पहले हुई थी शादी
उनकी शादी हिच्छन बिगहा निवासी मुंबई में आयकर अधिकारी रहे राव रणविजय सिंह के पुत्र समरेश सिंह के साथ 23 मई 2002 को हुई थी। तब यहां बारात आई थी। व्यापक चर्चा इस विवाह समारोह की थी। रोहिणी का विवाह तब सबसे महंगी शादी के साथ सत्ताधीश की पुत्री की शादी होने के कारण इलाके में सुर्खी बना था।