Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    औरंगाबाद: मानसिक रूप से विक्षिप्त पोते ने डंडे से पीट-पीटकर दादा की ली जान, जांच में जुटी पुलिस

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 02:13 PM (IST)

    औरंगाबाद के ओबरा में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त 19 वर्षीय पोते ने अपने दादा सुरेश सिंह यादव पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो ग ...और पढ़ें

    जांच में जुटी पुलिस

    जांच में जुटी पुलिस

    HighLights

    1. मानसिक विक्षिप्त पोते ने दादा को डंडे से पीटा।

    2. गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान मौत हुई।

    3. पुलिस जांच में जुटी, आरोपी पर कार्रवाई की मांग।

    संवाद सूत्र, ओबरा (औरंगाबाद)। ओबरा थाना क्षेत्र के रतनपुर पंचायत अंतर्गत लोकन बिगहा (अतरौली) गांव में सोमवार की अहले सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। मानसिक रूप से विक्षिप्त बताए जा रहे 19 वर्षीय युवक ने अपने ही दादा पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

    मृतक की पहचान लोकन बिगहा निवासी सुरेश सिंह यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार की भोर करीब तीन बजे सुरेश सिंह यादव अपने पुत्र संजय कुमार के साथ दशरथ बिगहा के समीप गांव निवासी रवि कुमार के मुर्गी फार्म पर सो रहे थे। इसी दौरान संजय कुमार का 19 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार, जो मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है, वहां पहुंचा और दरवाजा पीटने लगा।

    दोनों पैर और एक हाथ टूट गया 

    बताया जाता है कि जब अंदर से दरवाजा नहीं खोला गया तो उसने दरवाजा तोड़ दिया और हाथ में लिए डंडे से हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। साथ में सो रहे संजय कुमार किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। 

    जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक सुरेश सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। हमले में उनके दोनों पैर और एक हाथ बुरी तरह टूट गए थे।

    पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

    सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुरेश सिंह यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ओबरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    खबरें और भी

    घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष कुणाल कुमार, एसआई दीपक कुमार एवं एएसआई अरुण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    प्रभारी थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

    दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग 

    घटना की सूचना मिलते ही पंचायत समिति सदस्य ओमप्रकाश यादव, सरपंच प्रतिनिधि संतोष कुमार शर्मा, पूर्व प्रधान अजीत कुमार, मदन यादव, परीखा यादव, रंजीत यादव, सत्येंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल एवं मृतक के घर पहुंचे। सभी ने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी तथा दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।

    इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।