विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरंगाबाद-पटना का सफर होगा आसान: NH-139 पर बनेंगे 3 ग्रीनफील्ड बाईपास, जल्द शुरू होगा भूमि अधिग्रहण

Published: Fri, 06 Nov 2026 09:37 PM (IST)

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने औरंगाबाद-पटना पथ (NH-139) को फोरलेन बनाने के एलाइमेंट को मंजूरी दे दी है।

औरंगाबाद-पटना का सफर होगा आसान, NH-139 पर बनेंगे 3 ग्रीनफील्ड बाईपास (AI Generated Image)

औरंगाबाद-पटना का सफर होगा आसान, NH-139 पर बनेंगे 3 ग्रीनफील्ड बाईपास (AI Generated Image)

HighLights

  1. एनएच-139 को फोरलेन बनाने की मिली मंजूरी।

  2. औरंगाबाद, अंबा, ओबरा में बनेंगे नए बाईपास।

  3. शहरों में यातायात दबाव होगा कम, जाम से राहत।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। जिले से गुजरने वाले औरंगाबाद-पटना पथ यानी एनएच-139 को फोरलेन बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सड़क के एलाइमेंट को मंजूरी दे दी है।

गुरुवार को नई दिल्ली में एनएचएआई और राज्य सरकार के अधिकारियों की बैठक में यह स्वीकृति दी गई। परियोजना के तहत औरंगाबाद, अंबा और ओबरा में ग्रीनफील्ड फोरलेन बाईपास बनेंगे।

एनएच के कार्यपालक अभियंता तुलसी प्रसाद ने बताया कि तीनों शहरों में बाईपास और शेष सड़क को फोरलेन करने का एलाइमेंट एनएचएआइ को सौंपा गया था।

औरंगाबाद शहर के पश्चिम में 19.1 किलोमीटर लंबा बाईपास बनेगा। अंबा में पूर्वी दिशा से करीब 4.8 किलोमीटर लंबा बाईपास प्रस्तावित है। पहले इसकी लंबाई लगभग 10 किलोमीटर तय की गई थी। ओबरा में पश्चिम दिशा से करीब 6.9 किलोमीटर का बाईपास बनेगा।

झारखंड सीमा के संडा से नौबतपुर तक एनएच-139 को फोरलेन किया जाएगा। नौबतपुर से पटना तक सड़क पहले से फोरलेन है। बाईपास और सड़क निर्माण के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण होगा। जहां फोरलेन सड़क के लिए अतिरिक्त जमीन की जरूरत होगी, वहां भी अधिग्रहण किया जाएगा।

एनएच-139 पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। सड़क दुर्घटनाओं में मौतों के चलते इसे फोरलेन बनाने की मांग लंबे समय से उठ रही थी।

बाईपास बनने से शहरों के भीतर यातायात का दबाव कम होने और औरंगाबाद, अंबा तथा ओबरा में जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। आवागमन भी सुगम और सुरक्षित होगा।

दाउदनगर बाईपास को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। पूर्वी दिशा से बनने वाले इस बाइपास के लिए निविदा जारी है और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। अब तीन नए बाईपास की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होगी, जिसमें लागत का विवरण रहेगा। डीपीआर मंजूर होने के बाद निविदा जारी की जाएगी। - तुलसी प्रसाद, कार्यपालक अभियंता, एनएच-139, औरंगाबाद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।