फोरलेन के लिए CM सम्राट को बधाई, फिर चुनाव आयोग पर बरसे RJD सांसद; बारुण में लगेगा 750 करोड़ का सोलर प्लांट
राजद सांसद अभय कुशवाहा ने औरंगाबाद-पटना एनएच-139 के फोरलेन निर्माण, मेडिकल कॉलेज और 750 करोड़ के सोलर प्लांट सहित कई विकास परियोजनाओं में अपनी भूमिका बताई।

प्रेस कांफ्रेंस करते राजद सांसद अभय कुशवाहा। जागरण
HighLights
औरंगाबाद-पटना एनएच-139 फोरलेन निर्माण में सांसद की भूमिका।
बारुण में 750 करोड़ का सोलर प्लांट, देव में मेडिकल कॉलेज।
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर अभय कुशवाहा ने उठाए सवाल।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सांसद अभय कुशवाहा ने कहा कि औरंगाबाद-पटना पथ (एनएच-139) के फोरलेन निर्माण, मेडिकल कॉलेज और सोलर प्लांट की स्वीकृति में अपनी भूमिका बताई।
कहा कि इनमें उनकी अहम भूमिका रही है। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था।बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में सांसद ने कहा कि वर्ष 2025 में उन्होंने एनएच-139 के फोरलेन निर्माण का मुद्दा न केवल लोकसभा में उठाया, बल्कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से तीन बार मुलाकात भी की।
इन योजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि एनएच-139 के फोरलेन बनने से आम लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी।
कुटकु डैम के फाटक के लिए मिलेंगे झारखंड सीएम से
इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा था, जिसकी पुष्टि मुख्यमंत्री ने की थी। सांसद ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तर कोयल नहर परियोजना के कार्य में तेजी लाने के साथ वितरणियों और उपवितरणियों के निर्माण को गति देने के लिए भी प्रयास किए गए हैं।
कुटकू डैम के फाटक के संबंध में उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही निविदा निकाले जाने की उम्मीद है। इस सिलसिले में वह झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात करेंगे।
उन्होंने कहा कि नदियों को जोड़ने की योजना सरकार के पास पहले से है। इसके तहत औरंगाबाद से सोन नदी का पानी गयाजी तक पहुंचाने की योजना से क्षेत्र को लाभ मिल सकता है।
किसानों के हित में लगातार काम करने का दावा करते हुए सांसद ने बताया कि बारुण के पास 500 एकड़ में सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा। 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना से बिजली का उत्पादन होगा।
सांसद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि देव में मेडिकल कॉलेज बनना चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके। प्रेस कांफ्रेंस में उदय उज्ज्वल, डॉ. रमेश यादव और संजय यादव मौजूद थे।
चुनाव आयोग से आमजन का भरोसा टूट रहा
सांसद अभय कुशवाहा ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग देशहित में सही तरीके से काम नहीं कर रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त को उठाए जा रहे सवालों का जवाब देना चाहिए।
दिल्ली में प्रदर्शन पर पाबंदी के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में यह गलत परिपाटी है। सभी को सवाल उठाने और अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डरते हैं, तब पुलिस को आगे कर दिया जाता है।
सांसद ने कहा कि इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच बातचीत चल रही है और वे इसके खिलाफ संघर्ष करेंगे। राजद संसदीय दल के नेता के नाते वह विपक्षी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके लिए राजद नेता तेजस्वी यादव ने उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।