विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार सोन नदी में आया उफान... इंद्रपुरी बराज के 40 गेट खुले, 2.96 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया

Published: Thu, 20 Aug 2026 05:33 PM (IST)

औरंगाबाद के बारुण में सोन नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी किया है। ...और पढ़ें

बराज के 69 में से 40 गेट खुले

बराज के 69 में से 40 गेट खुले

HighLights

  1. सोन नदी का जलस्तर बढ़ने से बारुण में हाई अलर्ट।

  2. इंद्रपुरी बराज के 40 गेट खोलकर 2.96 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा।

  3. तटीय गांवों में लोगों को नदी से दूर रहने की अपील।

संवादसूत्र, बारुण(औरंगाबाद)। औरंगाबाद के बारुण इलाके में सोन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी किया है। इंद्रपुरी बराज से गुरुवार सुबह 2 लाख 96 हजार 247 क्यूसेक पानी सोन नदी में छोड़े जाने की जानकारी दी गई है।बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

बराज के 69 में से 40 गेट खुले

बीडीओ नीरज कुमार के अनुसार, इंद्रपुरी बराज के कुल 69 गेट हैं, जिनमें से 40 गेट खोल दिए गए हैं।

पानी के तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों और नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सावधान रहने को कहा है। ग्रामीणों से नदी और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

झारखंड से भी आया भारी पानी, इंद्रपुरी बराज पर बढ़ा दबाव

जल संसाधन विभाग के अनुसार, झारखंड के मोहम्मदगंज स्थित भीम बराज से सोन नदी में भारी मात्रा में पानी छोड़ा गया है।

इसके बाद सोन नदी का प्रवाह बढ़ा और इंद्रपुरी बराज पर भी दबाव बढ़ गया। प्रशासन लगातार जलस्तर और पानी के बहाव पर नजर रख रहा है।

नहरों में भी छोड़ा गया पानी, ग्रामीणों को किया जा रहा अलर्ट

इंद्रपुरी बराज से पूर्वी लिंक नहर में 4,255 क्यूसेक और पश्चिमी लिंक नहर में 6,012 क्यूसेक पानी प्रवाहित किया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से लगातार माइकिंग कर सोन तट के ग्रामीणों और नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। पशुपालकों को विशेष रूप से नदी के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है।

गांव-गांव पहुंचकर लोगों को किया जा रहा सावधान

सोन नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुलिस ने भी तटीय इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के मुताबिक, गांव-गांव लोगों को सतर्क किया जा रहा है ताकि किसी तरह की जान-माल की क्षति न हो। प्रशासन लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील कर रहा है।

प्रशासन की चेतावनी के बावजूद नदी में नहीं हटाया सामान

प्रशासन की चेतावनी के बावजूद गेमन पुल के पास पुल मरम्मत से जुड़ी सनफिल्ड कंपनी का सामान नदी क्षेत्र से पूरी तरह नहीं हटाया जा सका।

नदी के अंदर बनाए गए चादर के गोदाम में लाखों रुपये का सामान रखा था, जिसका कुछ हिस्सा पानी में डूब गया। प्रशासन अब बढ़ते जलस्तर के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रख रहा है।

यह भी पढ़ें- गया में जल्द बदलेगी तस्वीर! सोन से फल्गू में पहुंचेगा पानी, आइएमसी के लिए सड़क-पानी की व्यवस्था होगी दुरुस्त