Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांका में 596 भूमिहीन परिवारों को मिलेगा जमीन का हक, स्वतंत्रता दिवस पर सरकार देगी पट्टा

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 10:25 PM (IST)

    बांका में स्वतंत्रता दिवस पर 596 भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए सरकारी जमीन का पर्चा दिया जाएगा। जिला प्रशासन 'अभियान बसेरा-2' के तहत पात्र परिवारों ...और पढ़ें

    एआई जनरेटेड फोटो

    एआई जनरेटेड फोटो

    HighLights

    1. स्वतंत्रता दिवस पर 596 भूमिहीन परिवारों को मिलेगा पर्चा।

    2. 'अभियान बसेरा-2' के तहत पात्रों का सत्यापन जारी।

    3. प्रत्येक परिवार को मिलेगी तीन डिसमिल सरकारी जमीन।

    संवाद सूत्र, बांका। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 596 भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए सरकारी जमीन का पर्चा दिया जाएगा। राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने इसकी तैयारी तेज कर दी है।

    राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर अभियान को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

    इसके बाद जिला प्रशासन ने सभी अंचलों में पात्र भूमिहीन परिवारों की सूची के सत्यापन और लंबित मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया तेज कर दी है।

    जानकारी के अनुसार विशेष अभियान के तहत भूमिहीन परिवारों को जमीन बंदोबस्ती का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए अभियान बसेरा-2 के माध्यम से पात्र लाभुकों की पहचान की जा रही है।

    वेरीफिकेशन में जुटी प्रशासन की टीम 

    अंचल कार्यालयों की टीम गांव-गांव जाकर सूची का पुनरीक्षण कर रही है। पहले से चिन्हित परिवारों के साथ-साथ नए पात्र परिवारों की भी जांच की जा रही है। सत्यापन के दौरान योग्य पाए जाने वाले नए लाभुकों की इंट्री अभियान बसेरा-2 पोर्टल पर की जाएगी, ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके।

    राज्य सरकार ने निर्देश दिया है कि सभी अंचलाधिकारी संबंधित एवं लंबित परिवारों की सूची का तत्काल पुनरीक्षण करें। इसके बाद अंतिम सूची तैयार कर 15 अगस्त को जिला स्तर पर आयोजित मुख्य समारोह अथवा विशेष शिविर में चयनित लाभुकों को जमीन बंदोबस्ती का प्रमाण पत्र वितरित किया जाएगा।

    एडीएम अजीत कुमार ने बताया अभियान बसेरा-2 के तहत यदि कोई नया पात्र परिवार चिन्हित होता है तो उसका नाम भी पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।

    हमारा प्रयास है कि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को ही योजना का लाभ मिले और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी चयनित लाभुकों के बीच जमीन का पर्चा वितरित किया जा सके।

    उन्होंने बताया कि चयनित परिवारों को तीन-तीन डिसमिल सरकारी जमीन का बंदोबस्ती पर्चा दिया जाएगा। इसके बाद लाभुक आवासीय योजनाओं का लाभ लेकर अपना पक्का घर बना सकेंगे।

    जिला प्रशासन ने सभी अंचलों को समयबद्ध तरीके से सत्यापन पूरा करने और किसी भी पात्र परिवार को योजना से वंचित नहीं रहने देने का निर्देश दिया है।

    जिले में 596 भूमिहीन परिवारों को सरकारी जमीन उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है। सभी अंचलाधिकारियों को पात्र परिवारों की सूची का शत-प्रतिशत सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है। -अजीत कुमार, एडीएम।